विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी जल्द कर सकते हैं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एलिवेटेड फ्लाईओवर का शुभारंभ, NHAI की तैयारी तेज

Published: Tue, 01 Sep 2026 06:55 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन्माष्टमी से पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जैतपुर-डीएनडी जंक्शन एलिवेटेड फ्लाईओवर का उद्घाटन कर सकते हैं। NHAI तैयारियों में जुटा है।

पीएम मोदी कर सकते हैं दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर का उद्घाटन।

पीएम मोदी कर सकते हैं दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर का उद्घाटन।

HighLights

  1. पीएम मोदी जल्द करेंगे जैतपुर-डीएनडी फ्लाईओवर का उद्घाटन।

  2. NHAI चेयरमैन ने सराय काले खां का औचक निरीक्षण किया।

  3. बंद लेन खुलने से दिल्ली-फरीदाबाद यातायात को मिलेगी राहत।

सुधीर बैसला, फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे (डीएमई) के जैतपुर-डीएनडी जंक्शन एलिवेटिड फ्लाइओवर का शुभारंभ जन्माष्टमी पर्व से पहले कर सकते हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तीव्र तैयारियों में जुटा है।

एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव मंगलवार सुबह करीब दस बजे औचक निरीक्षण करने सराय काले खां पहुंचे। उनके साथ एनएचएआई से दिल्ली-आगरा जोन के परियोजना निदेशक, डीआरए इंफ्राकान प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर, सेफ्टी आफिसर भी साथ थे।

उन्होंने डीएमई से सरायकाले खां गुरुद्वारे के लिए बनाए गए रैंप पर मशीन द्वारा की जा रही टेस्टिंग को देखा। बचे काम को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। एनएचएआई सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह जैतपुर की तरफ इको पार्क के सामने बंद फरीदाबाद-सरायकाले खां लेन को ट्रायल के लिए फिर से खोला जा सकता है।

21 अगस्त को ट्रायल के लिए खोला गया था

बता दें, एनएचएआई ने इस एलिवेटिड फ्लाईओवर की दोनों लेन को 21 अगस्त की सुबह ट्रायल के तौर पर खोला था लेकिन अगले दिन 22 अगस्त को कुछ खामियां सामने आने पर तुरंत जैतपुर के समीप इको पार्क के सामने कंकरीट बैरिकेडिंग लगाकर सरायकाले खां की तरफ जाने वाली लेन बंद कर दी थी।

हालांकि सरायकाले खां से फरीदाबाद की ओर ट्रायल ट्रैफिक चालू हैं। बुधवार सुबह यदि बंद लेन फिर खुलती है, तो हजारों वाहन जो अभी कालिंदी कुंज के जाम में फंस रहे हैं, वे डीएमई-डीएनडी जंक्शन के जरिये दिल्ली-फरीदाबाद, देहरादून, मेरठ, हरिद्वार, ऋषिकेश, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, हल्द्धानी की ओर आ-जा सकेंगे।

जैतपुर-डीएनडी जंक्शन एलिवेटेड फ्लाईओवर एक नजर में

- निर्माण लागत : करीब 1881 करोड़ रुपये
- कुल लंबाई : नौ किलोमीटर
- पिलर लेंथ : 8.5 किलोमीटर
- आर्क ब्रिज : 140 मीटर लंबा आगरा नहर पर बना आर्क ब्रिज

डीएमई पर चल रहे काम की समीक्षा व निगरानी एक प्रशासकीय कामकाज है। रोजाना कार्यप्रगति रिपोर्ट बनती है। समय-समय पर उच्चाधिकारी निरीक्षण करते हैं। डीएमई की बंद एक लेन को ट्रायल के लिए खोलने पर बुधवार सुबह कुछ निर्णय लिया जा सकता है। - धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई

यह भी पढ़ें- DME के डासना एंट्री प्वाइंट और लालकुआं पर लगा जाम, रक्षाबंधन पर गाजियाबाद की सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक