Faridabad: ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे पर पलटने से लगा लंबा जाम
Faridabad ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने के कारण शनिवार शाम करीब पांच बजे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे। इस दौरान पांच एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं।
फरीदाबाद, जागरण संवाददाता: ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने के कारण शनिवार शाम करीब पांच बजे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे। इस दौरान पांच एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। उनमें मौजूद मरीज तड़पते रहे। एंबुलेंस लगातार सायरन बजाती रही, मगर जाम में फंसे होने के कारण आगे बढ़ने के लिए जगह नहीं मिली। जाम बाटा से लगना शुरू हुआ और पहुंचते-पहुंचते बल्लभगढ़ तक पहुंच गया। यातायात संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की तरफ जाने वाली लेन पर ईंटों से भरा ट्रैक्टर एक कार से टकराकर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर हाईवे की ग्रिल में घुस गया। उसके पीछे लगी ट्राली ईंटों से भरी हुई थी। वह पलट गई। इससे ईंट हाईवे पर फैल गईं। हादसे में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोट लगीं, मगर हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली और ईंट फैलने के कारण हाईवे काफी हद तक अवरुद्ध हो गया। वाहनों के निकलने के लिए काफी कम जगह बची। हाईवे पर वाहन एक-एक कर निकलने लगे। इस कारण वाहनों की कतार लगती चली गई। वाहनों की कतार बल्लभगढ़ तक पहुंच गई। जाम फंसे होने के कारण लोग परेशान रहे। वे सेक्टरों से होकर निकलने का रास्ता तलाशते दिखे। हाईवे पर जाम लगने का असर कनेक्टिंग सड़कों से होते हुए अंदरूनी सड़कों पर भी दिखा। अंदरूनी सड़कों पर भी यातायात अवरुद्ध हो गया। ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को हाईवे से हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु हुआ। मार्ग खुलने के बाद भी हाईवे पर यातायात सामान्य होने में करीब एक घंटे का समय लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। जाम लगे होने के कारण क्रेन को मौके तक पहुंचने में समय लगा। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली बुरी तरह फंसे हुए थे, उन्हें सुलझाने और हटाने में समय लग गया। ट्रैक्टर-ट्राली हटने के बाद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी से जाम खुलवाया। -दर्पण कुमार, प्रभारी, ट्रैफिक थाना