Faridabad: दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या मामले में सबूत जुटा रही पुलिस
Faridabad दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या मामले में क्राइम ब्रांच सबूत जुटा रही है। क्राइम ब्रांच आरोपित को सेक्टर-12 में उस जगह लेकर पहुंची जहां उसकी महिला से मुलाकात हुई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उस रास्ते को खंगाला जहां से महिला को अपने साथ लेकर गया था।
फरीदाबाद, जागरण संवाददाता: सेक्टर सात पार्क में दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या मामले में क्राइम ब्रांच सबूत जुटा रही है। बुधवार को क्राइम ब्रांच आरोपित को सेक्टर-12 में उस जगह लेकर पहुंची जहां उसकी महिला से मुलाकात हुई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उस रास्ते को खंगाला जहां से वह महिला को अपने साथ लेकर सेक्टर सात गया था।
क्राइम ब्रांच ने इस रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इनमें आरोपित महिला के साथ जाता दिख रहा है। क्राइम ब्रांच आरोपित को घटनास्थल पर भी लेकर गई। वहां हर पहलू पर बारीकी से पूछताछ की। बता दे कि नौ नवंबर की रात पुलिस को सेक्टर सात में पार्क के पास एक महिला का शव मिला था।
दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच मनोज नाम के खानाबदोश युवक को पकड़ा है। आरोपित चार दिन की रिमांड पर है।