भाजपा में टिकटों के लिए मचने लगा घमासान, सीएम मनोहर लाल से मिले कार्यकर्ता
हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में अब विधानसभा चुनाव के टिकटों के लिए घमासान मचने लगा है।कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखी।
नई दिल्ली (बिजेंद्र बंसल)। हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में अब विधानसभा चुनाव के टिकटों के लिए घमासान मचने लगा है। रविवार नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर मौजूदा विधायक सीमा त्रिखा का टिकट काटकर किसी अन्य कार्यकर्ता को देने की मांग की।
इसके लिए इन कार्यकर्ताओं ने सीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें कहा कि जब पार्टी टिकट का फैसला करे तो संगठन में निचले स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की भी राय ली जाए। करीब 150 कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी नेता राजकुमार वोहरा, गजेंद्र लाला, संदीप कौर, राजन मुथरेजा, सुरेंद्र जांगड़ा, अनोख सिंह संधू, अजय डुडेजा, प्रमोद पहलवान, जय दयाल चावला व देव सिंह गुसांई सुबह 10 बजे हरियाणा भवन पहुंचे।
यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते हालांकि सभी कार्यकर्ताओं को तो भवन में प्रवेश नहीं मिला मगर नौ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने अपने कक्ष में मुलाकात की और उनकी बात सुनी। इन कार्यकर्ताओं ने खुले तौर पर कहा कि मौजूदा भाजपा विधायक ने क्षेत्र में न कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और न ही जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरीं।
नाराज कार्यकर्ताओं ने हरियाणा भवन के बाहर नारेबाजी भी की। मुख्यमंत्री ने इन कार्यकर्ताओं की बात बड़े संयम से सुनी और कहा कि टिकट का फैसला वे अकेले नहीं करते। पार्टी संसदीय बोर्ड टिकट पर फैसला करता है मगर जब भी बड़खल क्षेत्र की बाबत पार्टी नेताओं में चर्चा होगी, तब उनके समक्ष कार्यकर्ताओं की बात रख दी जाएगी।
सीएम से मिलने के बाद विधायक सीमा त्रिखा से नाराज ये कार्यकर्ता मीडिया से भी रूबरू हुए और खुलकर अपनी बात रखी। हालांकि इन कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल फरीदाबाद एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए तो वहां उपस्थित भाजपा विधायक सीमा त्रिखा से उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं का जिक्र भी नहीं किया।
सीमा त्रिखा से नाराज ये कार्यकर्ता पिछले दो सप्ताह के दौरान प्रांत संघ चालक पवन जिंदल, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.अनिल जैन से भी मिल चुके हैं। सभी को इन कार्यकर्ताओं ने वही ज्ञापन सौंपा था, जो रविवार मुख्यमंत्री को दिया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप