फरीदाबाद में नीले ड्रम ने नहीं लाल सूटकेस ने मचाया आतंक, महिला का मिला धड़, गर्दन और पैर गायब; इलाके में हड़कंप
फरीदाबाद के खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में मवई गांव के पास झाड़ियों में एक महिला का धड़ सूटकेस में मिला है। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूटकेस में मिले धड़ से गर्दन और पैर गायब थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में मवई गांव के पास झाड़ियों में महिला का धड़ सूटकेस में मिला। लाल सूटकेस में मिले धड़ से गर्दन और पैर गायब थे। मौके पर जांच करने पहुंची फोरेंसिक टीम के अनुसार सूटकेस में मिले धड़ को करीब एक सप्ताह पुराना बताया है।
धड़ को पुलिस ने बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले में क्राइम ब्रांच और खेड़ीपुल थाना की पुलिस जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी और सूटकेस के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रहा है।
सड़क पर झाड़ियों के किनारे पुलिस को मिला लाल सूटकेस
वहीं पुलिस धड़ के अन्य अंगों की भी तलाश में जुटी है। ताकि महिला की पहचान हो सके। महिला की उम्र करीब 40 के आसपास है। खेड़ीपुल थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनको मवई गांव के स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि सड़क पर झाड़ियों के किनारे लाल सूटकेस पड़ा हुआ है। सूटकेस में से काफी बदबू पैदा हो रही है।
सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूटकेस खोला तो उसमें महिला का धड़ था। महिला की गर्दन गायब थी। सूटकेस में धड़ मिलने की सूचना मिलते ही डीसीपी उषा और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई। डीसीपी उषा के अनुसार धड़ की हालत भी काफी खराब है।
मवई गांव के पास जंगल में सूटकेस में महिला का धड़, पुलिस छानबीन में जुटी। सौ. स्थानीय निवासी
इस सूटकेस को यहां पर फेंके हुए करीब एक सप्ताह का समय हो गया है। मामले की जांच के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे है। आसपास की मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है।
पहले भी मिले सूटकेस में शव
23 नवंबर 2022 में सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित जंगल में सूटकेस में महिला का शव बरामद हुआ था। इसमें भी महिला की गर्दन धड़ से अलग थी। 11 अप्रैल 2023 को सेक्टर-30 बाइपास रोड पर सूटकेस में युवक का शव पाया गया था।
ज्वैलरी शॉप में आभूषण चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
भूपानी में ज्वैलरी की शाप में आभूषण चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है। महिला का नाम राकेश है। पुलिस प्रवक्ता (Faridabad Police) के अनुसार डबुआ कॉलोनी निवासी दिवेश ने थाना भूपानी में दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसकी भूपानी में एक ज्वैलरी शॉप है।
19 मार्च को उसकी पत्नी ज्वैलरी शॉप पर बैठी थी, तभी दो महिलाएं आई। ज्वैलरी देखने के बहाने सोने के कुछ आभूषण चुरा कर ले गई। थाना भूपानी में चोरी की धारा में मामला दर्ज किया गया।मामला में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
महिला को नंद नगरी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने यह काम किया और उसकी एक अन्य साथी भी वारदात में शामिल है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। महिला आरोपित को अधिक पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले में एक आरोपित विनय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।