खोखा लगाने वाले की गोली मारकर हत्या
एनआइटी-5 में रेलवे रोड पर अमृत जल फैक्ट्री के सामने साइकिल रिपेयरिग का खोखा चलाने वाले व्यक्ति की मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे गोली मारकर हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : एनआइटी-5 में रेलवे रोड पर अमृत जल फैक्ट्री के सामने साइकिल रिपेयरिग का खोखा चलाने वाले व्यक्ति की मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी पहचान सुभाष (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह घटनास्थल के नजदीक स्थित भगत सिंह कॉलोनी में रहता था। सुभाष का पड़ोसी राजेंद्र रेलवे रोड पर उसके खोखे के बगल में खाने की रेहड़ी लगाता है। वारदात के वक्त राजेंद्र अपनी रेहड़ी पर मौजूद था, उसने बदमाशों को गोली मारकर भागते देखा। पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सुभाष के बेटे राहुल ने अपने रिश्तेदारों से प्रॉपर्टी के लिए विवाद की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया है कि सुबह करीब 7 बजे वे अपनी खाने की रेहड़ी तैयार करके खड़ा हुआ था, तभी सुभाष ने घर से आकर अपना खोखा खोला और राजेंद्र को चाय का ऑर्डर दिया। दो युवक करीब पांच मिनट से मोटरसाइकिल लेकर खड़े थे। सुभाष को खोखा खोलते देखकर दोनों युवक उसके पास आ गए। उनमें से एक ने हेलमेट पहना था, दूसरे ने सफेद कपड़े से चेहरा ढका हुआ था। करीब एक मिनट तक दोनों ने सुभाष से बात की। इसके बाद सुभाष कुछ सामान लेने खोखे की तरफ मुड़ा। तभी एक युवक ने कट्टा निकालकर उसकी पीठ में गोली मार दी और मोटरसाइकिल स्टार्ट कर भाग गए। गोली लगते ही सुभाष चिल्लाते हुए राजेंद्र की तरफ भागा, मगर बीच में ही गश खाकर गिर पड़ा। राजेंद्र अन्य लोगों की सहायता से सुभाष को बादशाह खान अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के परिवारजनों के बयान लिए जा रहे हैं। अभी हत्या की वजह साफ नहीं है। गोली मारने वालों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
-गजेंद्र कुमार, एसीपी एनआइटी