शहर में शुरू होगा 'पार्किंग की मार्किंग' अभियान
स्थानीय स्वशासन मंत्री डा.कमल गुप्ता शुक्रवार को दोपहर बाद नगर निगम पहुंचे।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : स्थानीय स्वशासन मंत्री डा.कमल गुप्ता शुक्रवार को दोपहर बाद नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। मंत्री यहां निगम अधिकारियों के साथ शहर में विकास कार्यों पर चर्चा करने आए थे, पर निगमायुक्त के कार्यालय में प्रवेश करने से पहले उन्होंने मुख्यालय में इधर-उधर बेतरतरीब ढंग से खड़े वाहनों पर नजर दौड़ाई और इस पर नाराजगी जताते हुए अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। मंत्री के साथ फरीदाबाद क्षेत्र के विधायक नरेंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा भी थे। निगम मुख्यालय पहुंचने पर निगमायुक्त यशपाल यादव ने मंत्री व विधायक का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण करते हुए मंत्री मुख्यालय के पिछले हिस्से भी पहुंचे और यहां भी वाहनों की पार्किंग ढंग से नहीं थी। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम को तो एक उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए कि पार्किंग कैसे होनी चाहिए। फिर उसी अनुरूप व्यवस्थित तरीके को शहर भर में लागू करना चाहिए। उन्होंने निगम में पार्किंग के लिए एक पट्टी खींचने को कहा, ताकि वाहन उसी के अंदर ही खड़े हो सकें। इसी तरह की व्यवस्था पूरे शहर में करने को कहा। बाद में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए डा.कमल गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रदेश में पार्किंग की मार्किंग नाम से अभियान शुरू किया गया है। नगर निकाय अधिकारियों को शहर में उपलब्ध स्थान में ही स्थान निकाल कर पार्किंग का उचित प्रबंध करना होगा। इससे जाम भी नहीं लगेगा और शहर भी सुंदर दिखेगा। इससे शहरवासियों में भी पार्किंग की समझ विकसित होगी। मंत्री ने यह भी कहा कि एक सप्ताह बाद वे फिर नगर निगम आएंगे, तब तक व्यवस्था कर दी जाए।
निरीक्षण के बाद निगमायुक्त कार्यालय में मंत्री ने नगर निगम स्टाफ से मुलाकात की। इस दौरान निगम कर्मियों को दो महीने से वेतन न मिलने का मुद्दा सामने आया। मंत्री ने कहा कि निगम कर्मी मेहनत से काम करते हैं और उनको वेतन समय पर मिलना चाहिए। भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों की भी हो रही मार्किंग
दैनिक जागरण ने जब मंत्री डा.कमल गुप्ता से सवाल किया कि पार्किंग की मार्किंग तो ठीक है, पर निगम में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों की मार्किंग कब से शुरू होगी, तो इस पर मंत्री ने कहा कि 200 करोड़ रुपये के बिना काम के भुगतान में आरोपित अधिकारियों की गिरफ्तारी और उनका जेल में जाना इस बात का प्रमाण है कि भ्रष्टाचार करने वालों अधिकारियों की मार्किंग हो चुकी है। आगे भी ऐसे अधिकारियों पर नकेल कसी जाएगी।
मंत्री के समक्ष जब प्रापर्टी आइडी बनाने में आ रही दिक्कतों का मामला लाया गया, तो उन्होंने कहा कि कोई भी जब नई योजना बनाई जाती है, तो उसको लागू करने में कोई न कोई दिक्कत आती है। अगर प्रापर्टी आइडी बनाने वाली कंपनी की कोई शिकायत है, तो उनके समक्ष लाई जाएं, उस पर संज्ञान लिया जाएगा और शिकायतें दूर की जाएंगी। मंत्री से हरियाणा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राम जुनेजा ने लीज होल्डरों के लिए पोर्टल खुलवाने की मांग की, जिस पर मंत्री ने इस बाबत उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।