दीपक मेरे सुहाग का जलता रहे, जलता रहे..
पति की लंबी उम्र की कामना से जुड़ा करवा चौथ पर्व शनिवार को परंपरागत श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिनी महिलाओं ने भोर होने से पहले इस व्रत का आगाज किया और देर शाम को जब चांद निकल आया, तब विधि विधान के साथ चंद्रमा को अर्घ देकर अपने पतिदेव के हाथों पानी पीकर व्रत को संपूर्ण किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : पति की लंबी उम्र की कामना से जुड़ा करवा चौथ पर्व शनिवार को परंपरागत श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने भोर होने से पहले इस व्रत का आगाज किया और देर शाम को जब चांद निकल आया, तब विधि विधान के साथ चंद्रमा को अर्घ देकर अपने पतिदेव के हाथों पानी पीकर व्रत को संपूर्ण किया।
शाम के समय विभिन्न पार्कों, सामुदायिक भवन, मंदिरों में महिलाओं ने पंडित, आचार्यों से करवाचौथ की कथा सुनी और भगवान की पूजा-अर्चना की। पूजा में सुहागिनों ने पति की दीर्घायु और खुद के अखंड सौभाग्य की कामना की। शहर में हर जगह करवाचौथ की रौनक देखने को मिली। विवाहित महिलाओं ने सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर का सहारा लिया।
युवाओं ने आधुनिकता के साथ मनाया करवाचौथ का त्योहार
करवाचौथ पर आधुनिकता का खूब रंग देखने को मिला, साथ ही पतियों का भी अपनी पत्नी के प्रति समर्पण देखने को मिला। सुहागिन महिलाओं के अलावा कुछ अविवाहित युवतियों ने इस व्रत को रखा। ऐसी युवतियों ने अपने मंगेतर की लंबी उम्र और अपने होने वाले पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखा। पेशेवर युवक-युवतियां और नवविवाहित जोड़ों ने परंपरा से दूर पूजा और करवाचौथ का व्रत खोलने के बाद रेस्टोरेंट और होटल्स में डिनर के लिए टेबल बुक करा रखी थी। देर शाम की शॉ¨पग मॉल्स में करवाचौथ के बाद शाम को लोगों की खूब भीड़ जुटी। जोड़ों ने साथ मिलकर लजीज खाने का मजा लिया।
सोसायटियों में सजी संगीत की महफिल
ग्रेटर फरीदाबाद नहर पार ऊंची-ऊंची इमारतों में भी करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। अधिकांश सोसायटियों में संगीत की महफिल सजी। ताकि चांद दिखने तक व्रतधारी महिलाओं का समय आसानी से कट सके। महिलाओं ने सामूहिक पूजन के बाद बॉलीवुड गीतों में खूब ठुमके लगाए। साथ ही चंद्रमा निकलने के बाद सामूहिक रूप से अर्घ्य दिया। बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा ने भी शहर में कई स्थानों पर सामूहिक पूजा में शामिल होकर महिलाओं को बधाई दी।