विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे अपडेट: जैतपुर-DND एलिवेटेड फ्लाईओवर पर काम पूरा, जन्माष्टमी से पहले खुलेगा

Published: Sun, 30 Aug 2026 06:20 PM (IST)

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जैतपुर-डीएनडी एलिवेटेड फ्लाईओवर पर सुरक्षा संबंधी कार्य पूरा हो गया है। एनएचएआई और दिल्ली पुलिस के निरीक्षण ...और पढ़ें

जैतपुर-डीएनडी फ्लाईओवर का काम पूरा, जन्माष्टमी से पहले खुलेगा फरीदाबाद-आश्रम लेन।

जैतपुर-डीएनडी फ्लाईओवर का काम पूरा, जन्माष्टमी से पहले खुलेगा फरीदाबाद-आश्रम लेन।

HighLights

  1. जैतपुर-डीएनडी एलिवेटेड फ्लाईओवर पर सुरक्षा कार्य संपन्न।

  2. एनएचएआई और दिल्ली पुलिस करेगी अंतिम निरीक्षण।

  3. फरीदाबाद-आश्रम लेन जन्माष्टमी से पहले खुलने की संभावना।

सुधीर बैसला, फरीदाबाद। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे (डीएमई) के जैतपुर-डीएनडी जंक्शन एलिवेटिड फ्लाईओवर पर पिछले पांच दिन से चल रहा यातायात सुरक्षा संबंधी कार्य सोमवार सुबह पूरा हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सेफ्टी टीम और दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार मौके का निरीक्षण करेंगे।

फरीदाबाद-आश्रम की ओर जाने वाली लेन को जन्माष्टमी से पहले खोलने का टारगेट रखा गया था। फ्लाईओवर के दोनों तरफ चेतावनी बोर्ड लगा है, जिस पर लिखा है, 'धीरे चलें, ट्रैफिक ट्रायल के लिए खुला है।'

फरीदाबाद से आश्रम की जाने वाली लेन को खोला जाएगा

एनएचएआई सूत्रों का कहना है कि अगले एक-दो दिन में फरीदाबाद से आश्रम की ओर जाने वाली लेन को खोल दिया जाएगा। नौ किलोमीटर लंबे इस एलिवेटिड फ्लाईओवर का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाना है। इसके निर्माण पर करीब 1881 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसका 8.5 किलोमीटर हिस्सा पिलर पर है।

खास बात यह है कि फरीदाबाद से आश्रम की ओर जाने वाली लेन खुलने के बाद हजारों वाहन चालक जो अभी दिल्ली से देहरादून, मेरठ, हरिद्वार, ऋषिकेश, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, हल्द्धानी की ओर जाने के लिए नोएडा के भीतरी हिस्से का प्रयोग कर रहे थे, वे कालिंदी कुंज की तरफ न जाकर डीएमई से सीधे आश्रम पहुंचेंगे। वहां से वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पकड़कर आगे उपरोक्त स्थानों पर कहीं भी आ-जा सकेंगे।

बीती 21 अगस्त को ट्रायल के तौर पर खोला गया था

बता दें, डीएमई एलिवेटिड फ्लाईओवर काे बीती 21 अगस्त को ट्रायल के तौर पर खोला गया था। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने यातायात सुरक्षा संबंधी बड़ी खामी को उजागर करते हुए एनएचएआई से फरीदाबाद-आश्रम वाली लेन को बंद करवा दिया था। दिल्ली पुलिस ने कहा था आश्रम-महारानी बाग फ्लाईओवर एवं डीएमई फ्लाईओवर का डीएनडी के पास मर्जिंग प्वाइंट है, जहां स्टापर, रब्लिंग स्ट्रीप व सुरक्षा संकेतक लगाने चाहिए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना घटित न हो। एनएचएआई की सेफ्टी टीम ने सभी सुरक्षा मापदंड पूरे कर लिए हैं।

डीएनडी के समीप मर्जिंग प्वाइंट पर जो सुरक्षा प्रबंध होने थे, वे लगभग पूरे हो चुके हैं। थोड़ा काम बचा है, वह रात में पूरा हो जाएगा। सोमवार सुबह सेफ्टी व्हीकल व कर्मचारी हट जाएंगे। एनएचएआई रोजाना की प्रगति रिपोर्ट ले रही है। एनएचएआई अधिकारी सोमवार सुबह निरीक्षण करेंगे। संभवतया दिल्ली पुलिस अधिकारी भी निरीक्षण कर सकते हैं। संभावना है कि अगले एक-दो दिन में फरीदाबाद-आश्रम वाली लेन को खोल दिया जाएगा। - आरके पाल, सेफ्टी आफिसर, एनएचएआई

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में जल संकट का होगा समाधान! यमुना बाढ़ क्षेत्र में 15 एकड़ का जलाशय, 40 करोड़ लीटर भूजल होगा रिचार्ज