विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में धान खरीद की समीक्षा: मंत्री राजेश नागर ने दिए अहम निर्देश

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:14 AM (IST)

हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धान और बाजरा खरीद, उठान व किसानों को भुगतान की समीक्षा की।

हरियाणा में धान खरीद की समीक्षा ( फोटो स्रोत : जागरण )

हरियाणा में धान खरीद की समीक्षा ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. मंत्री राजेश नागर ने धान-बाजरा खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की।

  2. किसानों को समय पर भुगतान और अनाज उठान के निर्देश।

  3. मंडियों में अनाज सुरक्षा और मौसम से बचाव पर जोर।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री राजेश नागर ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। 

साथ ही, उन्होंने प्रदेश की सभी मंडियों में धान एवं बाजरा खरीद, अनाज के उठान, भंडारण और किसानों को किए जा रहे भुगतान की विस्तृत समीक्षा की।

अधिकारियों से ली गई मौजूदा स्थिति की जानकारी

उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा खरीद सीजन की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीदे गए अनाज का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान मंत्री राजेश नागर ने मंडियों में पहुंच रहे अनाज की सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि 12 अक्टूबर तक प्रदेश की मंडियों में कुल 18.06 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है।

इसमें से 11.90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि लगभग 4.88 लाख मीट्रिक टन धान का उठान भी किया जा चुका है। बैठक में किसानों को किए जा रहे भुगतान की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि अब तक 48,152 किसानों को लगभग 758 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

मंत्री ने की भुगतान प्रक्रिय की समीक्षा 

मंत्री ने भुगतान प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसल का पैसा समय पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं को सुचारु रखा जाए और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दी जाए।

1.38 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 7.02 लाख मीट्रिक टन, हैफेड ने 3.50 लाख मीट्रिक टन और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन ने 1.38 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है।

मंत्री राजेश नागर ने हाल ही में हुई हल्की बूंदाबांदी का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव को देखते हुए मंडियों में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- जिले के 13 किसानों को फसल क्षति राहत, 20 को सरसों की मिनीकिट