विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर बनेंगे दो टोल प्लाजा, अब नोएडा एयरपोर्ट के सफर पर ढीली करनी होगी जेब

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:16 PM (IST)

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो नए टोल प्लाजा स्थापित कर ...और पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट से पहले टोल निर्माण शुरू (AI-Generated image)

नोएडा एयरपोर्ट से पहले टोल निर्माण शुरू (AI-Generated image)

HighLights

  1. ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर मोहना और एयरपोर्ट के पास लगेंगे टोल।

  2. फरीदाबाद के निवासियों पर टोल का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

  3. NHAI 32 किमी लंबा एक्सप्रेसवे 4600 करोड़ में बना रहा है।

सुभाष डागर, बल्लभगढ़। जिले के लोगों की जेब पर एक और टोल का आर्थिक बोझ पड़ने वाला है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बना रहा है। इसका उपयोग करने वाले लोगों को मोहना से पहले और एयरपोर्ट के पास टोल देना पड़ेगा।

टाेल की दरें जल्द तय हो जाएंगी। एनएचएआइ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 32 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे 4600 करोड़ रुपये की लागत से बना रहा है। यह 23 किलोमीटर हरियाणा और नौ किलोमीटर उत्तर प्रदेश सीमा में बनाया जा रहा है।

इस रोड का उपयोग करने वाले लोगों के लिए मोहना गांव से पहले और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहले दो जगह पर टोल लगाए जाएंगे। इनका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इससे शहर के लोगों को आर्थिक रूप से और बोझ उठाना पड़ेगा।

फरीदाबाद के लोग इन स्थानों पर देते हैं टोल

फरीदाबाद के लोगों को राजमार्ग पर दिल्ली बदरपुर बार्डर और पलवल व फरीदाबाद के बीच में गदपुरी दो जगह पर टोल देना पड़ता है। केजीपी के लिए मौजपुर प्लाजा पर टोल देना पड़ता है। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर मांगर के पास, बल्लभगढ़-सोहना रोड पर धाैज के पास जिले के लोगों को टोल देना पड़ता है। अब स्थानीय लोगों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर मोहना के पास टोल देना होगा है।

मोहना और आसपास के गांवों के ग्रामीण होंगे ज्यादा प्रभावित

मोहना, जल्हाका, छांयसा, हीरापुर, नरहावली, बागरपुर, सोलड़ा, भोलडा, राजपुर, दोस्तपुर, बलई, थंथरी, अमरपुर, कुलैना के ग्रामीणों को बल्लभगढ़ की तरफ आने-जाने पर टोल की अदायगी ज्यादा करनी होगी। इन गांवों के लोग जल्दी शहर पहुंचने के लिए इस एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे। यदि एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे तो टोल देना पड़ेगा।

'ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टोल बनाते समय एनएचएआइ को मोहना व आसपास के गांवों को कुछ छूट देने का प्रविधान करना चाहिए। क्योंकि इन गांवों के लोग बल्लभगढ़-फरीदाबाद आने-जाने के लिए एक्सप्रेसवे को ज्यादा उपयोग करना चाहेंगे।'

-नंदलाल मोहना

'जिले के लोग पहले ही शहर से बाहर दूसरे शहरों को आने-जाने के लिए टोल दे रहे हैं। चारों तरफ टोल को देने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए एनएचएआइ को टोल की दरों को सस्ता रखना चाहिए। ताकि लोगों के जेब पर ज्यादा भार न पड़े।'

-मनोज अत्री

'ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा मोहना के पास और दूसरा एयरपोर्ट के नजदीक बनाया जाएगा। आसपास के गांवों को टोल पर छूट देने के बारे में फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है। जो भी टोल की दरें होंगी और किस स्तर पर आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी, वह मंत्रालय की शाखा द्वारा नोटिफिकेशन किए जाने के बाद ही बताया जा सकता है।'

-धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ

यह भी पढ़ें- ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा बलिया, सागरपाली में 10 करोड़ रुपए से बनेगी कनेक्टिविटी

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के सोतई में भारी पुलिस बल के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम शुरू, विरोध कर रही महिला हिरासत में