तीन बच्चों की मां पर आत्महत्या को मजबूर करने का आरोप
ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में तीन बच्चों की मां 40 वर्षीय महिला पर 24 वर्षीय युवक मिलन सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में तीन बच्चों की मां 40 वर्षीय महिला पर 24 वर्षीय युवक मिलन सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है। युवक ने 24 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। युवक की पहचान भीम बस्ती निवासी मिलन सिंह के रूप में हुई है। अब उसके पिता वीर सिंह की शिकायत पर ओल्ड फरीदाबाद थाने में अनीता नाम की महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
वीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मिलन सिंह एक टायर एजेंसी में बतौर अकाउंटेंट था। पिछले चार-पांच महीने से 40 साल की अनीता ने मिलन को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। अनीता के तीन बच्चे हैं और वह अपने पति व बच्चों से अलग रहती है। बीते 23 जुलाई को मिलन घर आया, तो उसने बताया कि अनीता उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। उसने रुपयों के लिए ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया था।
बकौल वीर सिंह, मिलन घर से 80 हजार रुपये ले जा चुका था। अनुमान है कि ये रुपये उसने अनीता को दिए। पिछले कुछ दिनों से उसका बेटा मिलन घर भी बहुत कम आता था। वह थोड़ी देर के लिए घर आता, तो अनीता का फोन आ जाता। वह घबराकर घर से उसके पास चला जाता था। 24 जुलाई को मिलने ने अनीता घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।