ढोल ताशों के साथ विदा हुए गौरी नंदन
गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के बीच उद्योग मंत्री विपुल गोयल और हजारों की संख्या में मौजूद भक्तों ने गणपति बप्पा को विदाई दी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के बीच उद्योग मंत्री विपुल गोयल और हजारों की संख्या में मौजूद भक्तों ने गणपति बप्पा को विदाई दी। पांच दिन के गणपति उत्सव में अंतिम दिन कई राजनीतिक हस्तियां पहुंची, इनमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा प्रदेश के जन स्वास्थ्य राज्य मंत्री बनवारी लाल, विधानसभा में उपाध्यक्ष संतोष यादव, विधायक सीमा त्रिखा व मूलचंद शर्मा, महापौर सुमन बाला, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीनिवास प्रमुख थे।
स्मृति ईरानी ने गौरी के लाल की प्रतिमा के समक्ष आरती उतारते हुए ढोल ताशों के बीच सभी भक्तों की मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की। उन्होंने विपुल गोयल को इतने भव्य गणपति उत्सव के आयोजन के लिए बधाई दी। समापन मौके पर महाराष्ट्र से विशेष रूप से आए 70 कलाकारों का परंपरागत ढोल ताशों के दल के संगीत ने जैसे मुंबई की संस्कृति को औद्योगिक नगरी में ला दिया। विसर्जन से पहले गणपति जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भक्तों ने जमकर एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया और जमकर नृत्य किया। इसके बाद इको फ्रेंडली तरीके से सेक्टर 17 में शोभायात्रा निकालने के बाद पंडाल के अंदर पानी के टब में गणपति जी का विसर्जन कर दिया गया।
गणपति उत्सव में पूरे जोश के साथ शिरकत करने के लिए उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी नहीं बल्कि पूरे फरीदाबाद का गणपति उत्सव था, जिसमें सभी लोगों ने हर्षोल्लास के साथ सहयोग किया। भजनों की श्रृंखला में भजन गायक बंटी अरोड़ा और उनकी होनहार पुत्रियों ने अलग ही समां बांधा।
समापन अवसर पर उद्योगपति बीआर भाटिया व अश्वनी महाजन, एमआर संस्थान के अध्यक्ष डॉ.प्रशांत भल्ला, बिजली निगम के पूर्व निदेशक एसके सचदेवा, भाजपा नेता राजेश नागर, आइजे कालिया, क्राउन ग्रुप के आरएस गांधी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन मुकेश शास्त्री, खादी बोर्ड के सदस्य विजय शर्मा, बिजेंद्र नेहरा, डॉ.कुलदीप जय¨सह, कमल जख्मी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।