विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद-दिल्ली DME एलिवेटेड रोड बंद, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला; कब खोलने का है प्लान?

Published: Tue, 25 Aug 2026 05:48 PM (IST)

फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाला डीएमई एलिवेटेड रोड सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ...और पढ़ें

डीएमई के एलिवेटेड हिस्सा चालू होने के बाद फिर से बंद कर दिया गया है। जागरण

डीएमई के एलिवेटेड हिस्सा चालू होने के बाद फिर से बंद कर दिया गया है। जागरण

HighLights

  1. फरीदाबाद-दिल्ली डीएमई एलिवेटेड रोड सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद।

  2. दिल्ली पुलिस ने मर्जिंग प्वाइंट पर सुरक्षा उपायों की कमी पर आपत्ति जताई।

  3. एनएचएआई सुरक्षा बंदोबस्त पूरे कर जल्द ही लेन फिर से खोलेगा।

सुधीर बैसला, फरीदाबाद। फरीदाबाद में जैतपुर से डीएनडी जंक्शन तक जाने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (डीएमई) के एलिवेटेड हिस्सा चालू होने के बाद फिर से बंद कर दिया गया है।

21 अगस्त को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने फरीदाबाद से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद की ओर जाने वाली दोनों लेन को ट्रायल के तौर पर शुरू किया था।

दिल्ली पुलिस के एतराज के बाद फिलहाल फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है।

सुरक्षा बंदोबस्त पूरे करने में जुटा NHAI

दिल्ली पुलिस ने एनएचएआई को बताया कि आश्रम-महारानी बाग फ्लाईओवर और डीएमई फ्लाइओवर के मर्जिंग प्वाइंट पर यातायात सुरक्षा संकेतक, रबलिंग स्टिक, स्पीड ब्रेकर इत्यादि लगाए बिना ही उसे चालू कर दिया गया, जिससे दुर्घटना होने का खतरा है। इसीलिए जब तक यातायात सुरक्षा प्रबंध पूरे नहीं होते, तब तक इसे चालू न किया जाए। अब एनएचएआई सुरक्षा बंदोबस्त पूरे करने में जुटा हुआ है।

21 अगस्त को इसे ट्रायल के तौर पर खोला गया

बता दें, जैतपुर-मीठापुर से दिल्ली डीएनडी जंक्शन तक नौ किलोमीटर लंबे डीएमई एलिवेटिड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बीती 21 अगस्त को इसे ट्रायल के तौर पर खोला गया था। एनएचएआई इंजीनियरों की टीम इससे गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार के बाद फ्लाइओवर पर पूरी तरह निगरानी रख रही है, ताकि किसी भी तरह की खामी सामने आए तो उसे फौरन दूर किया जाए।

वहीं, 6 दिन पहले जब इस खोला गया था, तब दोनों लेन एक साथ खोली थी। दिल्ली से फरीदाबाद और फरीदाबाद की तरफ से दिल्ली की तरफ जाने वाला ट्रैफिक चलने लगा था, जो अब एक तरफ से फिर बंद है। मंगलवार को काफी वाहन चालक इस लेन को लेकर असमंजस में रहे।

मर्जिंग प्वाइंट पर वाहनों में हो सकती थी भिड़ंत

आश्रम चौक से महारानी बाग होते हुए डीएनडी जंक्शन के सामने उतरने वाले फ्लाईओवर और डीएमई फ्लाईओवर का उतार दोनों एक मर्जिंग प्वाइंट पर इस तरह मिल रहे हैं कि किसी भी वक्त तेज रफ्तार में आने वाले वाहन आपस में टकरा सकते हैं।

दिल्ली पुलिस ने इस खामी को नोटिस किया और दिल्ली पुलिस आयुक्त के माध्यम से एनएचएआई अधिकारियों को इस खामी से अवगत कराया है।

एनएचएआई अधिकारियों ने मौका मुआयना किया, तब उन्हें समझ आया। अब एनएचएआई की टीम यातायात संबंधी सभी सुरक्षा मापदंड पूरा करने में जुटी है।

दिल्ली की सीमा में यातायात सुरक्षा संबंधी मापदंडों के आधार पर रब्लिंग स्टिक, ब्रेकर और अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। दो-तीन दिन में फरीदाबाद से दिल्ली की तरफ वाली लेन को चालू कर दिया जाएगा। इसी तरह खामियों को सामने लाने के लिए ही ट्रायल किया जाता है। - धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई

दिल्ली में दोनों फ्लाईओवर के आखिर में खतरनाक मर्जिंग प्वाइंट बन गया है, जहां यातायात चालू करने से पहले सुरक्षा मानक पूरे करने चाहिए थे, जिन्हें किए बिना ट्रैफिक चला दिया। अब वे पूरे किए जा रहे हैं। जल्द ही दोनों लेन शुरू होंगी। - सौरभ, प्रवक्ता डीसीपी साउथ ईस्ट

यह भी पढ़ें- आज खुल जाएगी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की दूसरी लेन, दिल्ली-नोएडा से फरीदाबाद जाने वालों को मिलेगी राहत