फरीदाबाद में 5 हजार रुपये न देने पर युवक पर हुआ था हमला, 11 दिन बाद इलाज के दौरान मौत
फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में चाकू से हुए हमले में घायल युवक की 11 दिन बाद इलाज के दौरान मौत ...और पढ़ें
-1792324476452_m.webp)
पांच हजार रुपये के कारण युवक की मौत
HighLights
पांच हजार रुपये देने से मना करने पर हुआ था झगड़ा।
पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी।
बसेलवा कॉलोनी में हुआ था युवक पर हमला।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र की बसेलवा कॉलोनी में चाकू से हमले में घायल हुए युवक की 11 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। पांच हजार रुपये देने से इन्कार करने पर एक हमलावर ने युवक से रंजिश पाल ली थी।
युवक पर छह अक्टूबर को उस वक्त हमला हुआ जब वह बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन और मोमोज खा रहा था। हमले का आरोप तरुण, अरुण, गढ़वाल और बुद्धि नाम के युवकों पर है। पुलिस चारों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
हमले में चार लोग शामिल
पुलिस के मुताबिक, न्यू अहिरवाड़ा निवासी सतीश यादव छह अक्टूबर की रात करीब पौने दस बजे ट्यूबवेल नंबर-दो के पास एक दुकान के बाहर चाऊमीन और मोमोज खा रहा था। इसी दौरान तरुण, युवराज उर्फ गड़वाली, राहुल उर्फ बुद्धि और अरुण वहां पहुंचे।
आरोप है कि युवराज ने स्कूटी से चाकू निकालकर अरुण को दिया, जबकि तरुण ने सतीश पर हमला करने के लिए कहा। इसके बाद अरुण ने सतीश के दाएं पैर के कूल्हे पर चाकू से वार कर दिया।
हमले के बाद पहुंचाया अस्पताल
राहुल ने भी सूए से हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद विनोद ने उसे पकड़ लिया। हमले में सतीश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए।
शिकायत के अनुसार, युवराज और राहुल घायल सतीश को स्कूटी पर बैठाकर सेक्टर-19 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले गए, लेकिन उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। वहीं, तरुण और अरुण भी मौके से भाग निकले। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पांच हजार न देने पर किया हमला
स्वजन ने बताया कि सतीश मोटरसाइकिल लेने की तैयारी कर रहा था, इसके लिए उसने परिवार वालों से रुपये लिए थे। यह बात अरुण को पता थी। अरुण ने सतीश से पांच हजार रुपये मांगे थे, उसने पैसे देने से मना कर दिया।
इस बात को लेकर अरुण रंजिश रखने लगा था और अपने साथियाें संग वारदात की। पुलिस ने अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस का कहना है कि वारदात के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।
