ग्रामीणों के लिए यमुना का पंटून पुल खोला
लोक निर्माण विभाग ने गांव शाहजहांपुर के पास यमुना नदी पर बना दिया है।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : लोक निर्माण विभाग ने गांव शाहजहांपुर के पास यमुना नदी पर बनाए पंटून पुल को तैयार करके ग्रामीणों के लिए खोल दिया है। अब ग्रामीण अपने खेतों की बोआई समय पर कर सकेंगे और खरीफ की फसल धान को मंडियों में ले जाकर बेच सकेंगे। ग्रामीणों को नदी पार आने-जाने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
गांव शाहजहांपुर के पास लोक निर्माण विभाग हर वर्ष यमुना नदी में अक्टूबर में पंटून पुल बनाकर तैयार कर देता है और नदी में बाढ़ आने की आशंका को ध्यान में रखते हुए 15 जून को हटा लेता है। इस दौरान किसान अपने खेतों पर काम करने के लिए नाव से आते-जाते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी लोक निर्माण विभाग ने अक्टूबर में पुल को बनाकर तैयार कर दिया। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप सिंह सिधु का कहना है कि यमुना का पुल तैयार करके शुरू दिया है। कई बार जलखुंबी जैसी पानी में बहकर आ जाती है, जिससे पंटून पुल बह जाता है। पिछले 15 दिन में ये पंटून पुल दो बार बह चुका है। अब ग्रामीण आसानी से यमुना पार सकते हैं।