पत्थर से बांधकर नाले में जिंदा फेंकी गई थी महिला, डायटम टेस्ट में फेफड़ों में मिले पानी के अंश
फरीदाबाद के समयपुर नाले में पत्थर से बांधकर फेंकी गई महिला की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसकी मौत डूबने से हुई थी, क्योंकि फेफड़ों में पानी के अंश मिले हैं।
-1795421027300_m.webp)
मामले की जांच के लिए पहुंची फरीदाबाद पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
महिला के फेफड़ों में पानी के अंश मिले, डूबने से मौत।
पत्थर से बांधकर फेंका गया था, पहचान छिपाने का प्रयास।
पुलिस के लिए महिला की पहचान सबसे बड़ी चुनौती बनी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में समयपुर नाले में करीब 15 से 20 किलो के पत्थर से बांधकर फेंकी गई महिला की मौत को लेकर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अहम जानकारी मिली है।
डायटम टेस्ट में महिला के फेफड़ों में पानी के अंश मिले हैं। इससे संकेत मिलता है कि महिला को जब नाले में फेंका गया, उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। यानी महिला की मौत पानी में डूबने से हुई।
नाले में फेंका गया
वहीं, यह भी आशंका है कि महिला को पहले बेहोश किया गया हो और इसके बाद नाले में फेंका गया हो। पत्थर से बांधने का मकसद शव को पानी में डुबोकर रखना और उसकी पहचान छिपाना हो सकता है। हालांकि, यह जांच का विषय है।
इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाना है। बता दें कि 14 नवंबर को समयपुर नाले में महिला का शव मिला था। शव को चुन्नी और चादर जैसे कपड़ों से करीब 15 से 20 किलो के पत्थर के साथ बांधा गया था।
वहीं, महिला की उम्र करीब 25 से 30 साल आंकी गई थी। उसके शरीर पर मंगलसूत्र और शादी के अन्य आभूषण मिले थे। शव काफी गल चुका था, जिस कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। मौके से ऐसा कोई दस्तावेज भी नहीं मिला था, जिससे महिला के बारे में जानकारी मिल सके।
पहचान के बिना जांच आगे बढ़ाना चुनौती
सेक्टर-58 थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया हुआ है। क्राइम ब्रांच और सीन आफ क्राइम की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी हैं। अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के लिए यह सबसे अहम कड़ी है, क्योंकि पहचान होने पर उसके परिवार, परिचितों, आखिरी बार देखे जाने और संभावित विवादों के बारे में जानकारी जुटाई जा सकेगी।
पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी महिला का मिलान करने की कोशिश कर रही है। महिला की पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता साफ हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।