विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में पत्नी और प्रेमी ने की पति की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव; दो माह बाद खुला राज

Published: Tue, 03 Feb 2026 06:27 AM (IST)

फरीदाबाद में दो महीने पहले रेलवे ट्रैक पर मिले एक शव का राज खुला है। जीआरपी ने जिसे ट्रेन दुर्घटना ...और पढ़ें

पति की हत्या कराकर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकवा दिया।

पति की हत्या कराकर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकवा दिया।

HighLights

  1. रेलवे ट्रैक पर मिले शव का दो माह बाद खुला राज।

  2. पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति सुमन की हत्या।

  3. शराब पिलाकर गला घोंटा, सिर कुचलकर शव ट्रैक पर रखा।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। 30 नवंबर की आधी रात को जीआरपी थाने में सूचना मिली कि मेवला महाराजपुर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। एसएचओ राजपाल अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचते हैं। शव काफी खराब हालत में मिला। चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था। शव के ऊपर से ट्रेन भी गुजर चुकी थी।

कपड़ों की तलाशी लेने पर भी किसी तरह के दस्तावेज नहीं मिले। ऐसे में मृतक की पहचान करना काफी मुश्किल हो गया। सुबह आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जीआरपी ने रेल से कट कर मामला मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर दो माह बाद एक गुमशुदा युवक के मामले में जांच करते हुए क्राइम ब्रांच ने जब उसकी पत्नी से पूछताछ की तो हैरान कर देने वाली सच्चाई निकलकर सामने आई। जिस गुमशुदा व्यक्ति का शव दो माह पहले जीआरपी को रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ मिला था। वह रेल से कटने का मामला नहीं बल्कि हत्या का मामला निकला। हत्या मृतक की पत्नी ने अपनी प्रेमी के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपितों को अब क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है।

मूलरूप से झारखंड के गोड्डा जिले के पहाड़पुर गांव का आटो चालक सुमन मेवला महाराजपुर में अपनी पत्नी कविता के साथ रहता था। कविता घर के पास ही स्थित रेडीमेड गारमेंट की फैक्ट्री में काम करती थी। इसी फैक्ट्री में रियाउल नाम का युवक भी काम करता था। रियाउल मूलरूप से बंगाल के मालदा जिले के मोडूपुर गांव का रहने वाला है।

दोनों में प्रेम संबंध हो गए। इस प्रेम प्रसंग की भनक कविता के पति सुमन को लग गई। जिसको लेकर आए दिन वह कविता से झगड़ा करता था और रियाउल से दूर रहने को कहता था। इधर कविता को पति की यह टोका-टाकी नागवार गुजरने लगी। इस पर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति सुमन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

साजिश के तहत 30 नवंबर को कविता अपने पति सुमन को बहाने से फैक्ट्री के पास स्थित सुनसान जगह पर ले गई। जहां पर रियाउल पहले से मौजूद था। यहां रियाउल ने कविता के साथ संबंधों को लेकर सुमन से माफी मांगी। इसके बाद दोनों ने वहां पर बैठकर शराब पी। रियाउल और कविता ने मिलकर सुमन को अधिक शराब पिला दी, जिससे वह अपनी सुध खो बैठा।

पुलिस के अनुसार इसके बाद दोनों ने पहले सुमन का गला घोटा और फिर उसका पत्थर से सिर कुचल दिया। दोनों ने रात के अंधेरे में शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया। उससे पहले शव का चेहरा पत्थर से क्षत-विक्षत कर दिया ताकि पहचान न हो सके और यह सामान्य रेल से कटने का मामला लगे।

घटना के बाद कविता झारखड़ अपने गांव चली गई। जब स्वजन ने सुमन के बारे में पूछताछ की तो कविता ने उसके बिना बताए घर से चले जाने की बात कही।इधर जब सुमन के छोटे भाई सन्नी का अपने भाई से कई दिनों तक संपर्क नहीं हुआ तो वह उसे ढूंढते हुए फरीदाबाद आया और न मिलने पर 18 जनवरी को पुलिस में अपने भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब उससे किसी पर शक होने की पूछी तो अपनी भाभी पर शक जताया।

इस पर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को दी गई। क्राइम ब्रांच ने जांच करते हुए जब कविता को बुला कर सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और रियाउल के साथ मिलकर सुमन की हत्या करने की बात कबूल ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश करके चार दिन की रिमांड पर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 440 लोगों की 60 वर्ष से कम उम्र बता रोक दी पेंशन, बुजुर्ग परेशान