विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीवर-पानी टैक्स या प्रॉपर्टी आईडी का काम, अब नहीं लगाने पड़ेंगे नगर निगम के चक्कर; वार्ड कार्यालयों में होगा समाधान

Published: Sat, 21 Mar 2026 01:31 PM (IST)

फरीदाबाद नगर निगम अब सीवर-पानी टैक्स, प्रॉपर्टी आईडी और शिकायतों जैसे सभी काम वार्ड कार्यालयों में ही निपटाने की योजना ...और पढ़ें

फरीदाबाद में अब वार्ड कार्यालयों में जमा होगा टैक्स। फोटो: एआई जनरेटेड

फरीदाबाद में अब वार्ड कार्यालयों में जमा होगा टैक्स। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. वार्ड कार्यालयों में सभी निगम कार्य निपटाने की योजना

  2. सीवर-पानी टैक्स, प्रॉपर्टी आईडी अब वार्ड में

  3. नागरिकों को मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

दीपक पांडेय, फरीदाबाद। निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अब सीवर-पानी टैक्स, प्रॉपर्टी आईडी, पानी और सीवर ओवरफ्लो की शिकायत के लिए निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

नगर निगम इन सभी कामों को वार्ड कार्यालयों में ही करने की योजना तैयार कर रहा है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड कार्यालय में निगम कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी तय की जाएगी।

बृहस्पतिवार को हुई प्री बजट बैठक में पार्षदों की ओर से यह सुझाव दिया गया था, जिस पर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिन वार्डों में निगम कार्यालय नहीं हैं, वहां नए वार्ड कार्यालय बनाए जाएंगे।

छोटे कामों के लिए मुख्यालय आना पड़ता है

शहर के 46 वार्डों में करीब साढ़े सात लाख परिवार रहते हैं। इन लोगों को टैक्स और अन्य छोटे-छोटे कागजी कामों के लिए निगम मुख्यालय आना पड़ता है। कई बार अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने के कारण लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ता है।

हालांकि निगम की ओर से प्रत्येक वार्ड में कार्यालय बनाए गए हैं, लेकिन फिलहाल यहां केवल सीवर, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को ही सुना जाता है। वार्ड कार्यालयों में आने वाली शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग भी नहीं होती, जिससे कई शिकायतें कई दिनों तक लंबित पड़ी रहती हैं।

पहली बार हुई प्री बजट बैठक

पार्षद शीतल खटाना (वार्ड-5) ने बताया कि पहली बार निगम आयुक्त की ओर से प्री बजट बैठक बुलाई गई है। इससे पहले सीधे बजट पेश कर दिया जाता था। बैठक में वार्ड कार्यालयों में निगम से जुड़े कामकाज बढ़ाने का सुझाव दिया गया है, ताकि लोगों को मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि कई बार लोगों को कागजी काम करवाने के लिए अवकाश भी लेना पड़ता है। यदि घर के पास स्थित वार्ड कार्यालय में ही काम हो जाएंगे तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।

शिकायतों की होगी मॉनिटरिंग

पार्षद रवि कश्यप (वार्ड-3) ने कहा कि अभी वार्ड कार्यालयों में केवल सीवर और पानी की समस्याएं सुनी जाती हैं और वे भी कई बार लंबित रहती हैं। इन शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने का भी सुझाव दिया गया है। साथ ही वार्ड कार्यालयों में निगम से जुड़े अन्य काम भी शुरू करने की बात कही गई है।

कई वार्डों में बनेंगे नए कार्यालय

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि प्री बजट बैठक में आए सुझावों के आधार पर योजना तैयार की जा रही है। वार्ड कार्यालयों में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और निगम से जुड़े अन्य कामों के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में निगम कार्यालय नहीं हैं, वहां नए वार्ड कार्यालय बनाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद की रॉयल हेरिटेज सोसायटी में फूटा रेजिडेंट्स का गुस्सा, बिल्डर ने बिना बताएं बढ़ाया मेंटेनेंस और डीजी शुल्क