फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 45 दिन का ब्लॉक, 9 ट्रेनें रद और 20 का ठहराव खत्म; 43 के बदले प्लेटफॉर्म
फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के कारण 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 45 दिनों के लिए रेल यातायात ...और पढ़ें

फरीदाबाद में ट्रेनों को लेकर रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। फोटो: आर्काइव
HighLights
फरीदाबाद स्टेशन पर 45 दिन चलेगा पुनर्विकास कार्य
9 ट्रेनें रद, 20 का ठहराव समाप्त, 43 के प्लेटफॉर्म बदले
यात्री यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचें
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक 45 दिनों के लिए रेल यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर रेलवे ने स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या दो और तीन से जुड़ी रेल पटरियों के ऊपर निर्माण कार्य के लिए विशेष यातायात एवं विद्युत बाधा शेड्यूल जारी किया है।
आरपीएफ फरीदाबाद पोस्ट प्रभारी श्रवण कुमार ने यह जानकारी साझा की है। इस दौरान कई ट्रेनों के परिचालन, ठहराव और प्लेटफाॅर्म में बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार एक सितंबर को रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक तथा दो सितंबर से 14 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 12:05 बजे से 3:05 बजे तक निर्माण कार्य चलेगा। 15 अक्टूबर को भी रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक यातायात एवं विद्युत अवरोध रहेगा।
ये नौ ट्रेनें रद की गई
बाधा अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 64908, 64071, 64052, 64015, 64078, 64057, 64012, 64013 और 64076 नंबर की ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनसे साहिबाबाद, भिवानी, गाजियाबाद, पलवल, नई दिल्ली और शकूरबस्ती के बीच चलने वाली रेल सेवाएं प्रभावित होंगी।
64015 और 64078 नंबर की ट्रेनों के परिचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। ट्रेन संख्या 19019 को 31 अगस्त और 14 अक्टूबर को पलवल-फरीदाबाद के बीच 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं 64076 को दो सितंबर से 14 अक्टूबर तक तीसरी लाइन से चलाया जाएगा।
20 ट्रेनों का ठहराव समाप्त, 43 के प्लेटफाॅर्म बदलेंगे
निर्माण कार्य के दौरान फरीदाबाद स्टेशन पर 20 ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा। इनमें उत्तर दिशा की ओर जाने वाली 12919, 12615, 14309, 14317, 18477, 12625, 14621 और 11077 तथा दक्षिण दिशा की ओर चलने वाली 12138, 20986, 19326, 11450, 16032, 16318, 11842, 19020, 12920, 14622, 22918 और 19308 नंबर की ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे ने 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव किया है। इनमें 17 ट्रेनों के आगमन और 26 ट्रेनों के प्रस्थान वाले प्लेटफाॅर्म बदले जाएंगे। वर्तमान प्लेटफाॅर्म संख्या तीन और दो की जगह क्रमश: प्लेटफाॅर्म संख्या चार और एक का इस्तेमाल किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफाॅर्म जांचने की सलाह दी गई है।
निर्माण कार्य का असर पांच से छह मालगाड़ियों के परिचालन पर पड़ने की संभावना है। इनमें दो मालगाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा सकता है, जबकि कोयला ढुलाई वाली मालगाड़ियों के परिचालन पर असर नहीं पड़ेगा।
रेलवे ने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त संसाधन जुटाने और सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन और प्लेटफॉर्म की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
