विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में बेकाबू डंपर ने दो कॉन्स्टेबलों को कुचला, एक घंटे तक मदद के इंतजार में तड़पते रहे; दोनों की मौत

Published: Thu, 27 Aug 2026 08:52 AM (IST)

फरीदाबाद में सोहना रोड पर गश्त कर रहे दो पुलिस कॉन्स्टेबल नवीन और अभिषेक को एक डंपर ने कुचल दिया, ...और पढ़ें

डंपर के नीचे फंस गई थी बाइक। जागरण

डंपर के नीचे फंस गई थी बाइक। जागरण

HighLights

  1. फरीदाबाद में डंपर ने दो पुलिस राइडर सिपाहियों को कुचला।

  2. हादसे के बाद एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई।

  3. दोनों युवा सिपाही नवीन और अभिषेक की मौके पर मौत।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में राइडर पर तैनात दो सिपाहियों को बुधवार दोपहर सोहना रोड पर सरूरपुर के पास डंपर ने कुचल दिया। इनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हैरान करने वाली बात यह है कि हादसे के बाद दोनों सिपाही करीब एक घंटे तक खून से लथपथ पड़े रहे, मगर मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। पुलिस करीब 15 मिनट बाद पहुंची।

नहीं पहुंची एंबुलेंस

पुलिस के अनुसार, जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस उन्हें वहां मौजूद पिकअप में डालकर अस्पताल ले जाया गई, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो दोनों की जान बच सकती थी।

अविवाहित थे दोनों 

उधर, डंपर चालक डंपर को छोड़कर भाग गया। मृतक सिपाहियों के नाम नवीन और अभिषेक हैं। नवीन भिवानी के डांग कला का रहने वाला था, जबकि अभिषेक भिवानी सिटी में जैन चौक अलबेला गली का रहने वाला था। दोनों की उम्र 24-26 साल थी और अविवाहित थे और साल 2024 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। दो महीने पहले उनकी तैनाती पर्वतीय कॉलोनी चौकी में हुई थी।

दोनों ने लगाया था हेलमेट

पर्वतीय कॉलोनी चौकी प्रभारी ने बताया कि नवीन और अभिषेक सुबह राइडर मोटरसाइकिल लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे। दोपहर में गश्त करते हुए वे साेहना रोड से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आए एक डंपर ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। डंपर उन्हें रौंदता हुआ ऊपर से निकल गया। दोनों ने हेलमेट लगाया हुआ था।

बताया गया कि डंपर के नीचे राइडर मोटरसाइकिल फंस गई, जिसे करीब 50 मीटर तक घसीटा गया। इसके बाद चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद आस-पास लोग जमा हो गए।

आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डायल 112 पर पुलिस और एंबुलेंस के लिए कॉल किया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, मगर एंबुलेंस नहीं पहुंची। पुलिसकर्मी भी एंबुलेंस के लिए फोन करते रहे, जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो एक पिकअप में दोनों को डालकर अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें- GT Road पर राजगंज ओवरब्रिज के समीप भीषण सड़क हादसा, धनबाद के दो युवकों की दर्दनाक मौत

पुलिस प्रवक्त का कहना है कि दोनों के परिवार वालों को सूचित कर दिया है, उनके फरीदाबाद पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस 15 मिनट बाद मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन वहां जाम लग रहा था, इसलिए एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। मौके पर जो वाहन मिला, उसमें दाेनों को डालकर अस्पताल लाया गया।