विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में FDA और NCB की बड़ी कार्रवाई, एनाबॉलिक स्टेरॉयड समेत 17 तरह की एलोपैथिक दवाइयां जब्त

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:04 PM (IST)

फरीदाबाद में खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक न्यूट्रिशन दुकान पर छापा मारकर 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां, जिनमें एनाबॉलिक स्टेरॉयड शामिल हैं, जब्त कीं।

17 तरह की दवाइयां जब्त की गई। जागरण

17 तरह की दवाइयां जब्त की गई। जागरण

HighLights

  1. फरीदाबाद में न्यूट्रिशन दुकान पर स्टेरॉयड की बिक्री का खुलासा।

  2. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 17 प्रकार की दवाइयां की जब्त।

  3. संचालक वैध लाइसेंस और खरीद दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

निभा रजक, फरीदाबाद। फरीदाबाद में एनआईटी क्षेत्र में न्यूट्रिशन सप्लीमेंट की दुकान पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन और राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एनाबालिक स्टेरायड व मांसपेशियां बनाने वाले इंजेक्शन सहित 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त की हैं।

दुकान संचालक दवाइयों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध ड्रग लाइसेंस और खरीद के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने सभी दवाइयों को जब्त करके मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत से बृहस्पतिवार को कस्टडी ऑर्डर ले लिया है।

बुधवार शाम को जवाहर कालोनी स्थित फिटनेस एंथम न्यूट्रिशन पर छापामारी की गई। यह कार्रवाई मानस पोर्टल पर 25 अगस्त को मिली शिकायत के आधार पर हुई। शिकायत में दुकान पर प्रतिबंधित पदार्थों, स्टेरायड और मांसपेशियों को बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाइयों के भंडारण और बिक्री का आरोप लगाया गया था।

वहीं, जांच के दौरान मौके पर संचालक मुकुल कौशिक मिले। परिसर में न्यूट्रिशन सप्लीमेंट के साथ टैबलेट और इंजेक्शन के रूप में कई एलोपैथिक दवाइयां मिली। अधिकारियों ने जब दवाइयों के भंडारण और बिक्री के लिए वैध ड्रग लाइसेंस मांगा तो संचालक इसे प्रस्तुत नहीं कर सका। दवाइयों की खरीद और उनके स्रोत से जुड़े दस्तावेज भी नहीं दिखाए।

यह प्रतिबंधित स्टेरायड मिले

विभाग की ओर से जब्त की गई दवाइयों में आक्सीमेथोलोन टैबलेट, टेस्टोस्टेरोन एनन्थेट, टेस्टोस्टेरोन प्रोपियोनेट, टेस्टोस्टेरोन के विभिन्न काम्बिनेशन, ड्रास्टानोलोन, बोल्डेनोन, मेथेनोलोन, नैंड्रोलोन और स्टैनोजोलोल सहित कुल 17 प्रकार की दवाइयां शामिल हैं। इनमें कई एनाबालिक स्टेरायड श्रेणी की हैं।

वहीं, इनका इस्तेमाल मांसपेशियों और शारीरिक प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाता है। हालांकि, इन दवाइयों और स्टेरायड के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। सभी दवाइयों को जब्त कर लिया गया है। इस दौरान स्वतंत्र गवाह भी मौजूद रहे। दुकान संचालक का लिखित बयान भी दर्ज किया गया है।

बिना वैध औषधि लाइसेंस के एलोपैथिक दवाइयों का भंडारण और बिक्री करना कानून का उल्लंघन है। मामले में दवाइयों की खरीद के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जिम संचालकों और न्यूट्रिशन सप्लीमेंट विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि बिना आवश्यक लाइसेंस के ऐसी दवाइयों का भंडारण या बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - संदीप गहलान, औषधि नियंत्रण अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।