फरीदाबाद में जेठानी को जिंदा जलाने के मामले में एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर
फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में देवरानी द्वारा पेट्रोल डालकर जलाई गई दो जेठानियों में से एक, सीमा, की मौत ...और पढ़ें

आरोपी महिला की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। (फाइल फोटो)
HighLights
देवरानी ने पेट्रोल डालकर दो जेठानियों को जलाया।
एक जेठानी सीमा की उपचार के दौरान मौत हुई।
दूसरी जेठानी मीना की हालत अभी भी गंभीर।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में देवरानी द्वारा दो जेठानियों को पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में शनिवार रात एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है, जबकि उसकी बड़ी बहन मीना की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम बालकनी में खड़ी मीना और सीमा पर उनकी देवरानी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। दोनों को गंभीर हालत में पहले फरीदाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान शनिवार रात सीमा ने दम तोड़ दिया, जबकि मीना का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बैग में पेट्रोल लेकर आई थी। उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और मग में पेट्रोल भरकर बालकनी में खड़ी दोनों बहनों पर डाल दिया। इसके बाद माचिस की तीली फेंक दी, जिससे दोनों महिलाएं आग की लपटों में घिर गईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों बहनें सगी थीं और परिवार में देवरानी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल मीना का बयान दर्ज करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी महिला की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।