ग्रेटर फरीदाबाद में RWA की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन, सैकड़ों लोगों ने निकाली रैली; पुरानी एजेंसी की मांग
ग्रेटर फरीदाबाद की समर पाम सोसायटी के निवासियों ने आरडब्ल्यूए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने सुरक्षा एजेंसी बदलने और बजट में पारदर्शिता की कमी को लेकर नाराजगी जताई।

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
समर पाम सोसायटी के निवासियों ने आरडब्ल्यूए के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सुरक्षा और रखरखाव एजेंसी बदलने पर निवासियों ने आपत्ति जताई।
आरडब्ल्यूए पर बजट में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया गया।
निभा रजक, फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित समर पाम सोसायटी के लोगों ने रविवार को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही सोसायटी परिसर में सैंकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष एकत्रित हो गए तथा हाथों में तख्तियां लेकर पूरे परिसर में रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने आरडब्ल्यूए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि दस साल से सोसायटी में सुरक्षा और रखरखाव देख रही एजेंसी को बिना निवासियों से विचार-विमर्श किए बदल दिया गया। जिससे लोगों में खासा नाराजगी है।
विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की मनमानी बढ़ गई है। सोसायटी में सुविधाओं का भी अभाव है, बार-बार मांग के बाद भी आरडब्ल्यूए की ओर से इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
लोगों द्वारा समस्याओं को लेकर सवाल पूछे जाने पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग तरीके से परेशान किया जाता है। सोसायटी के ग्रुप से रिमूव करने तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरडब्ल्यूए पर आरोप है।
लोगों ने आरडब्ल्यूए महासचिव एसएम गुप्ता को ज्ञापन देकर पुरानी एजेंसी को दोबारा रखने की मांग की।
बजट को लेकर नहीं है पारदर्शिता
सोसायटी में मरम्मत सहित अन्य कार्यों पर दस हजार से अधिक खर्चा होने पर जनरल बाडी को आरडब्ल्यूए की ओर से सूचित करना होता है, लेकिन लोगों द्वारा ईमेल पर बार-बार डिटेल मांगने के बाद भी आरडब्ल्यूए की ओर से खर्च का कोई ब्यौरा नहीं दिया जा रहा है।
बीते दिनों सोसायटी में 50 लाख रुपये का कबाड़ बेचा गया, आरोप है कि आरडब्ल्यूए की ओर से इसका रिकार्ड नहीं दिया गया है। लोगों ने पुरानी एजेंसी को दोबारा सिक्योरिटी और मेंटेनेंस का काम सौंपने की मांग की है। लोग जिला प्रशासन से भी इस संबंध में शिकायत करेंगे।
आरडब्ल्यूए प्रधान ने नहीं दिया जवाब
आरडब्ल्यूए का पक्ष जानने के लिए प्रधान मनोज झा को काल किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
यह भी पढ़ें- रायबरेली में ‘दिशा’ की बैठक में पहुंचे सांसद राहुल गांधी, बचत भवन के बाहर सपा विधायकों ने किया विरोध प्रदर्शन
यह भी पढ़ें- लखनऊ में वादाखिलाफी से भड़के किसान, धरना के 18वें दिन किया विभागों का सांकेतिक अंतिम संस्कार
