फरीदाबाद में सड़क धंसने पर ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज, एफएमडीए की शिकायत पर हुआ एक्शन
फरीदाबाद में वर्षा के दौरान दो जगहों पर सड़क धंसने के मामले में एफएमडीए की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ बीपीटीपी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
-1784187024288_m.webp)
सेक्टर-80 में डिस्कवरी पार्क सोसायटी के बाहर इस तरह से धंसी थी सड़क सौ. एफएमडीए
HighLights
फरीदाबाद में वर्षा से धंसी सड़क, ठेकेदार पर मामला दर्ज।
एफएमडीए की शिकायत पर बीपीटीपी थाने में एफआईआर।
अवैध खुदाई और खराब मरम्मत बनी सड़क धंसने का कारण।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में वर्षा के दौरान दो जगह सड़क धंसने को लेकर एफएमडीए की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ बीपीटीपी थाने में मामला दर्ज हुआ है।
पिछले सप्ताह बुधवार आधी रात के बाद हुई तेज वर्षा में सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 में डिस्कवरी पार्क सोसायटी के बाहर सड़क धंस गई थी। जिसकी वजह से पूरा रास्ता बंद करना पड़ा। सड़क धंसने की सूचना मिलने पर एफएमडीए के एसडीओ ताराचंद और जेई नरेश मौके पर पहुंचे।
उन्होंने वर्षा के दौरान ही सड़क को समतल करने का प्रयास किया। लेकिन तेज वर्षा के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। जिसके बाद एसडीओ और जेई ने पूरी रात खड़े होकर वाहन चालकों को सचेत करने का काम किया।
शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने किया निरीक्षण
शुक्रवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की टीम ने दो जगहों का निरीक्षण किया इस दौरान कई तरह की अनियमिता मिली थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों स्थानों पर सड़क के नीचे बिना किसी स्वीकृति के पाइप और बिजली की केबल बिछाई गई थी। इसके लिए सड़क की खुदाई की गई। लेकिन निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार उसकी मरम्मत नहीं की गई। लगातार वर्षा के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे सड़क धंस गई।
प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता केएस पठानिया ने बताया कि किसी भी सरकारी सड़क के नीचे पाइपलाइन, बिजली की केबल या अन्य सेवाएं डालने से पहले संबंधित एजेंसी या बिल्डर को एफएमडीए से अनुमति लेना अनिवार्य है।
इसके साथ ही खुदाई के बाद सड़क को तय मानकों के अनुसार मरम्मत करना आवश्यक होता है। नियमों की अनदेखी करने से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
एफएमडीए ने दोनों मामलों में संबंधित बिल्डरों के ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर पुलिस से एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी। सभी ठेकेदारों के यह चेतावनी है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में हिंडन-नागद्वार मार्ग पर दो किलोमीटर सड़क धंसी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसको पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
