सचिन पायलट ने आयकर छापों पर भाजपा को घेरा
राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलेट ने तिगांव के कांग्रेस प्रत्याशी ललित नागर और उनके कार्यकर्ताओं पर आयकर विभाग के छापे लगवाने पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने तिगांव के कांग्रेस प्रत्याशी ललित नागर और उनके कार्यकर्ताओं पर आयकर विभाग के छापे लगवाने पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे छापों से कांग्रेस प्रत्याशी डरने वाला नहीं है। तिगांव विधानसभा क्षेत्र में ललित नागर की पहचान बहादुर व जुझारू नेता की है। यहां की जनता उनके साथ खड़ी है।
पायलट शुक्रवार को तिगांव अनाज मंडी में कांग्रेस प्रत्याशी ललित नागर की चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। जब पायलट छापों का अपने संबोधन में जिक्र कर रहे थे, तब ललित नागर व उनके कार्यकर्ता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वो 2014 में भी इसी मंडी चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए आए थे और उनके कहने पर तिगांव के मतदाताओं ने ललित को जिताकर चंडीगढ़ भेजा। ललित ने इन पांच वर्ष में पूरे जिले की समस्याओं को उठाया और क्षेत्र की मजबूती से सेवा की। इस बार फिर एक बार वे ललित के लिए वोट देने का आग्रह करने आए हैं, क्योंकि पूरी भाजपा सरकार उन्हें हराने के लिए जुटी है। अब तक यहां पर भारत के गृहमंत्री, कपड़ा मंत्री, दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री चुनावी सभाओं को संबोधित करने आ चुके हैं। ये लोग इसलिए आ रहे हैं, क्योंकि ललित एक मजबूत नेता हैं। इस बार चुनाव जिताकर भेज दो, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। नागर का चंडीगढ़ में काम करा देंगे।