विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद गोपाल हत्याकांड: पत्नी और प्रेमी रिमांड पर, चाकू बरामदगी को हाथरस जाएगी क्राइम ब्रांच

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:54 PM (IST)

फरीदाबाद में गोपाल की चाकू से गला काटकर हत्या के मामले में उसकी पत्नी काजल और प्रेमी योगेंद्र को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने हाथरस जाएगी क्राइम ब्रांच। जागरण

हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने हाथरस जाएगी क्राइम ब्रांच। जागरण

HighLights

  1. गोपाल हत्याकांड में पत्नी काजल और प्रेमी योगेंद्र रिमांड पर।

  2. हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने हाथरस जाएगी पुलिस।

  3. काजल ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र श्याम कॉलोनी पार्ट एक में गोपाल नाम के व्यक्ति की चाकू से गला काटकर हत्या के मामले में अदालत ने पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है।

हत्या के बाद योगेंद्र भागकर हाथरस चला गया था और वारदात में प्रयुक्त चाकू को वहीं छिपा दिया। क्राइम ब्रांच चाकू बरामद करने अब योगेंद्र को हाथरस लेकर जाएगी।

बता दें कि गोपाल मूलरूप से हाथरस के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। यहां डीएलएफ इंडस्ट्रीयल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर की नौकरी करता था। उसकी पत्नी काजल, बेटी व दो बेटों के साथ गांव में रहती थी। वह यहां श्याम कालोनी पार्ट एक में किराये के मकान में अकेला रहता था। गांव में बाउंसर योगेंद्र से गोपाल की दोस्ती थी।

काजल से नजदीकी बढ़ा ली

जब गोपाल गांव जाता था तो योगेंद्र उससे मिलने घर आता था। तीन साल से योगेंद्र ने काजल से नजदीकी बढ़ा ली और गोपाल की गैरमौजूदगी में भी उसके घर आने जाने लगा। करीब एक साल पहले काजल और योगेंद्र के आपत्तिजनक फोटो भी गांव में वॉट्सएप पर प्रसारित हुए थे।

काजल ने उन्हें एआइ से तैयार बताकर गोपाल को समझा दिया था। पिछले कुछ दिनों से गोपाल काजल पर संदेह करने लगा था और फोन पर उससे झगड़ा करता था। इसलिए काजल ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच ली।

साजिश के तहत वह तीन दिन पहले बेटी और बेटों को लेकर फरीदाबाद पहुंची। रात में बच्चों को दूसरे कमरे में सुला दिया और प्रेमी योगेंद्र को पहले ही चाकू लेकर गांव से बुला लिया था। इसके बाद दोनों ने सोते समय गोपाल की गला काटकर हत्या कर दी।

हत्या की बात कबूली

हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को उसने लूट के लिए कुछ लोगों के घर में घुसने और गोपाल की हत्या करने की कहानी बनाकर बरगलाने की कोशिश की लेकिन पुलिस को उस पर संदेह हो गया। सख्ती से पूछताछ में उसने प्रेमी संग हत्या की बात कबूल कर ली।

इसके बाद पुलिस ने हाथरस जाकर योगेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। काजल की पहले शादी हो चुकी थी। 15 साल पहले उसने पहले पति को छोड़कर गोपाल से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात फरीदाबाद में फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी। पहली शादी से काजल को एक बेटी है, जिसकी उम्र अब 15 साल है।

यह भी पढ़ें- गहने घर पर सलामत, सिर्फ सामान बिखरा मिला; क्या किसी साजिश का शिकार हुई गुरुग्राम में टीचर की पत्नी?