बच्चों को 31 सेकेंड में जड़े 20 थप्पड़, मोबाइल स्क्रीन पर स्क्रैच देख भड़की मां; CCTV में कैद हुई बेरहमी
मोबाइल स्क्रीन पर खरोंच आने से नाराज एक मां ने फरीदाबाद में अपने दो बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर ...और पढ़ें
HighLights
मां ने मोबाइल स्क्रीन पर स्क्रैच से बच्चों को पीटा
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई बेरहमी से पिटाई की घटना
बच्चों के दादा ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने से नाराज मां ने अपने दो छोटे बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी। छह साल की बेटी को 12 सेकेंड में आठ और चार साल के बेटे को 19 सेकेंड में 12 थप्पड़ मारे।
बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचा और महिला को बच्चों को पीटने से रोकने की बात कही। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। बच्चों के पिता सेना में नायक हैं और फिलहाल राजस्थान में तैनात हैं।
पहले भी बच्चों से मारपीट का आरोप
नगला पार्ट-2 निवासी सतबीर (31) ने बताया कि वह वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया (28) से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं।
सतबीर का आरोप है कि उनकी पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर बच्चों के साथ मारपीट कर चुकी है। जब उन्होंने पत्नी के मायके वालों से इसकी शिकायत की तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
सतबीर के अनुसार, वह ड्यूटी के कारण अधिकतर समय घर से बाहर रहते हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने करीब तीन महीने पहले घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। 27 सितंबर की शाम उनके माता-पिता नूंह गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी और दोनों बच्चे थे।
स्क्रैच मिलने पर बेटी को पीटा
उन्होंने बताया कि शाम करीब सात बजे बेटी मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान सोनिया ने मोबाइल देखा और स्क्रीन पर स्क्रैच मिलने पर नाराज हो गई। आरोप है कि उसने बेटी को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।
पिता के मुताबिक, फुटेज में महिला करीब 12 सेकेंड में बच्ची को आठ थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। इसके बाद बेटे की भी पिटाई की गई। आरोप है कि सात सेकेंड में चार थप्पड़ मारने के बाद महिला ने बच्चे को पीटा, जिससे दोनों बच्चे रोने लगे।
पड़ोसी ने पहुंचकर बच्चों को बचाया
बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसी युवक घर में पहुंचा और महिला से बच्चों को नहीं मारने के लिए कहा। सतबीर का आरोप है कि पत्नी के मायके वालों की ओर से अब बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
मामले में बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पवर्तिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है। चौकी प्रभारी महेश ने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं। चौकी पहुंचने के बाद शिकायत की जानकारी लेकर मामले की जांच की जाएगी। वहीं, सतबीर ने पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
