बिजली हड़ताल ने छीनी त्योहारों की रौनक, फरीदाबाद के बाजार अंधेरे में डूबे; 10 करोड़ का भारी नुकसान
बिजली कटौती के कारण फरीदाबाद के बाजारों में त्योहारी सीजन (करवाचौथ) में सन्नाटा पसरा है, जिससे व्यापारियों को करोड़ों का ...और पढ़ें

करवाचौथ की खरीदारी के बीच बाजारों में पसरा सन्नाटा
HighLights
बिजली कटौती से फरीदाबाद के बाजारों में सन्नाटा, खरीदारी प्रभावित।
त्योहारी सीजन में व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
मिठाई और शीतल पेय विक्रेताओं का सामान खराब होने लगा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। त्योहारी सीजन में प्रदेशव्यापी हड़ताल के कारण बिजली आपूर्ति बंद होने का सबसे अधिक बाजारों पर असर दिखाई दे रहा है। करवाचौथ और दिवाली के लिए खरीदारी के बीच बिजली कटौती ने बाजारों की रौनक फीकी कर दी है।
रात 11 बजे तक गुलजार रहने वाली बल्लभगढ़ की मेन मार्केट, ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-15ए और मिनी सरोजिनी यानी एनआइटी की मार्केट में बृहस्पतिवार शाम सात बजे अंधेरा छा गया। दुकानें बंद हो गई। एसोसिएशन का दावा है कि पूरे शहर के छोटे-बड़े बाजारों में दस करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को भी बाजारों में खरीदारों की संख्या कम रही।
शीतल पेय और मिठाई विक्रेताओं की बढ़ी परेशानी
बिजली कटौती का सबसे अधिक असर शीतल पेय पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों और हलवाइयों पर पड़ रहा है। त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकानदारों ने मिठाइयां बड़ी मात्रा में तैयार की है।
बिजली प्रभावित होने और बैकअप की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मिठाइयां खराब होने की कगार पर हैं। लगातार बिजली नहीं मिलने से दुकानों में लगे पंखे, फ्रिजस और लाइट सहित अन्य उपकरण काम नहीं कर पा रहे हैं। जिन दुकानदारों को जरूरत पड़ने पर किराये पर डीजी सेट मिल जाते थे, उन्हें भी अब आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
करवाचौथ की खरीदारी पर भी पड़ा असर
त्योहार से पहले दुकानदारों ने बिक्री बढ़ने की आस में तैयारियां की थी। लेकिन बिजली कटौती के कारण खरीदार भी दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं। एनआइटी एक स्थित कपड़े बेचने वाले कारोबारी अमित भाटिया ने बताया कि त्योहार के समय बाजारों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति जरूरी है, क्योंकि इसी दौरान होने वाली बिक्री से कारोबारियों को बड़ी उम्मीद रहती है।
एनआइटी एक बाजार में प्रतिदिन करीब डेढ़ करोड़ रुपये, बल्लभगढ़ में दो करोड़ से अधिक, ओल्ड फरीदाबाद में एक करोड़ से अधिक और सेक्टर-15ए में दो पौने दो करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है। बल्लभगढ़ के मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए आसपास के सौ से अधिक गांवों के लोग पहुंचते हैं।
त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। बिजली कटौती से दुकानों में अंधेरा छा गया है और ग्राहक भी रुकने से बच रहे हैं। करवाचौथ से पहले बाजारों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। एक दिन में बल्लभगढ़ में दो करोड़ से अधिक का व्यापार प्रभावित हुआ है।
-आरडी गुप्ता, प्रधान, उद्योग व्यापार मंडल, बल्लभगढ़।
एनआइटी एक के मार्केट में सुबह से शाम तक खरीदारों की भीड़ के कारण पैर रखने की जगह नहीं होती है। छोटी बड़ी सभी दुकानों में खरीदार नजर आते हैं। लेकिन बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पूरे बाजार में बृहस्पतिवार शाम और शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण दुकानों के अंदर खरीदार भी नहीं रुक रहे थे। डेढ़ करोड़ से अधिक का बाजार प्रभावित हुआ है।
-कालू चौधरी, प्रधान, व्यापारी एकता मंच, एनआइटी एक।
'सेक्टर-15 की दुकानों में शनिवार को भी खरीदारों की संख्या सामान्य दिनों से बेहद कम रही। दुकानों में लगाए गए इन्वर्टर जवाब दे गए। एक दिन में पौने दो करोड़ का नुकसान हुआ है। बाजारों में सप्लाई शुरू होनी चाहिए। पूरे साल दुकानदार त्योहारी सीजन का इंतजार करते हैं।'
-आलोक कुमार लुनियाल, प्रधान, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-15ए।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में ब्लैकआउट: बिजली हड़ताल से 1000 करोड़ का कारोबार ठप, रात में सड़कों पर उतरे लोग
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 24 घंटे से बिजली संकट, गुस्साए लोगों ने NIT-2 चौक पर लगाया जाम; 20 कॉलोनियों में अंधेरा
