फरीदाबाद: केले के रेट पर कहासुनी, सीनियर मैनेजर को चाकू से गोदा, भतीजा भी जख्मी
फरीदाबाद में केले के दाम को लेकर हुए विवाद में एक सीनियर मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, ...और पढ़ें

चाकू से वार कर सीनियर मैनेजर की हत्या, 20 मिनट तड़पे, नहीं आई पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
केले के दाम पर विवाद, सीनियर मैनेजर की चाकू मारकर हत्या।
बचाने आए भतीजे को भी गंभीर रूप से घायल किया गया।
पुलिस की लापरवाही का आरोप, सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में केले के रेट ज्यादा बताने पर हुई मामूली कहासुनी में केला विक्रेता व उसके साथियों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी के सीनियर मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी। बचाने आए मैनेजर के भतीजे को बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
दोनों करीब 20 मिनट पर सड़क पर तड़पते रहे। बाद में स्वजन आए तो दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां मैनेजर ने दम तोड़ दिया, जबकि उनका भतीजा आइसीयू में है। स्वजन का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती, तो मैनेजर की जान बच सकती थी। मौके पर अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों काे गिरफ्तार कर लिया है।
इंदर ने दी पूरे मामले की जानकारी
साहूपुरा गांव में रहने वाले इंदर ने बताया कि उनके चाचा लक्ष्मण दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी में सीनियर मैनेजर थे। रविवार को किसी काम से बाहर गए थे। देर शाम जब वापस आए तो उनकी चाची शशि ने उनको केले और बच्चों के लिए फास्ट फूड लाने के लिए कहा। चाची ने व्रत रखा हुआ था।
लक्ष्मण अपने भतीजे महेश के साथ घर से दो किलोमीटर दूर स्थित सेक्टर-62 के चौराहे पर केले लेने के लिए गए। जहां पर केला विक्रेता से उनकी रेट को लेकर बहस हुई। केले वाले ने 80 रुपये दर्जन रेट बताए। जिस पर लक्ष्मण ने कहा कि रेट बहुत ज्यादा है।
इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी बढ़ गई। केले वाले ने ताव में आकर पास रखे चाकू से लक्ष्मण पर हमला कर दिया। महेश जब बचाव में आया तो केले वाले ने आसपास के फास्ट फूड बेचने वाले अपने साथियों बुला लिए।
सभी ने मिलकर लक्ष्मण और महेश पर बुरी तरह से हमला किया। लक्ष्मण को कमर के पास पांच चाकू मारे गए, जिससे उनका मांस भी बाहर निकल गया। वहीं महेश को भी चार चाकू लगे हैं। आरोपित मौके से भाग गए।
स्वजन का पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतक के स्वजन ने कहा कि पुलिस ने भी मामले में लापरवाही दिखाई है। जब स्वजन को घटना की जानकारी पता लगी तो वह मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों ने डायल 112 पर पुलिस बुलाने के लिए फोन किया। लेकिन, किसी ने फोन पिक नहीं किया।
स्वजन अपने वाहन से लक्ष्मण को अस्पताल लेकर गए। जहां पर डाक्टरों ने लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया। वहीं महेश अभी आइसीयू में भर्ती है। स्वजन ने पुलिस से आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: बर्गर खाने आए युवकों की दबंगई, युवक पर चाकू से वार कर किया घायल
