डेटिंग एप के LGBT सेक्शन में बनाया दोस्त, फिर मिलने के बहाने बंधक बनाकर लूटे 32 हजार
फरीदाबाद में एक मोबाइल रिपेयर दुकानदार को डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर बुलाया गया और कार में बंधक बनाकर 32,500 रुपये लूट लिए गए।
-1791895244328_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर युवक को फरीदाबाद में बुलाया।
कार में बंधक बनाकर 32,500 रुपये की लूट हुई।
खेड़ीपुल थाना पुलिस ने लूट और अपहरण का केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। डेटिंग ऐप के एलजीबीटी सेक्शन में दोस्ती कर तीन युवकों ने मोबाइल रिपेयर दुकानदार को मिलने के लिए बुलाया और कार में बंधक बनाकर रुपये लूट लिए।
नहर पार निवासी युवक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान करता है। उसकी शिकायत के अनुसार, 26 सितंबर को ग्राइंडर डेटिंग ऐप के एलजीबीटी सेक्शन में उसकी एक युवक से बातचीत हुई।
दो युवक के साथ कार लेकर पहुंचा शख्स
युवक ने कार होने की बात कहकर उसे खेड़ीपुल पर मिलने बुलाया। दो युवक कार लेकर पहुंचे और विजय को पिछली सीट पर बैठा लिया। रास्ते में उन्होंने एक अन्य युवक को भी कार में बैठा लिया। तीनों उसे चंदावली पुल से होते हुए मुंबई-वडोदरा हाईवे पर पलवल की तरफ ले गए।
वहां सड़क किनारे कार रोककर उसके हाथ गमछे से पीछे बांध दिए और मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने मोबाइल का पासवर्ड और यूपीआइ पिन पूछकर उसके फोन पर नियंत्रण कर लिया। इसके बाद जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए।
खाते पर ट्रांसफर कर लिए पैसे
विजय के मुताबिक, आरोपितों ने 25 हजार रुपये देने का दबाव बनाया और चाकू दिखाकर धमकाया। डर के कारण उसने दोस्त रोहित से 20 हजार और दोस्त अमन से 2,500 रुपये फोन-पे पर मंगवाए। आरोप है कि दोनों रकम उसके फोन से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली गईं।
इसके बाद आरोपित उसे पुल के नीचे सड़क पर धक्का देकर कार सहित फरार हो गए। पीड़ित ने पहले लोक-लाज के कारण शिकायत नहीं दी थी। बाद में दोस्त द्वारा प्रेरित करने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने बंधक बनाने व लूट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
