विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 3 विभागों की लापरवाही ने ली दिनेश की जान, दिव्यांग पत्नी और 3 बेटियां का सहारा छिना

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:35 PM (IST)

फरीदाबाद में तीन विभागों की लापरवाही से दिनेश तिवारी की मौत हो गई, जिससे उनकी दिव्यांग पत्नी और तीन बेटियां बेसहारा हो गईं।

फरीदाबाद में तीन विभाग की लापरवाही की वजह एक व्यक्ति की मौत हो गई। वीडियो ग्रैब

फरीदाबाद में तीन विभाग की लापरवाही की वजह एक व्यक्ति की मौत हो गई। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. फरीदाबाद में तीन विभागों की लापरवाही से व्यक्ति की मौत।

  2. सीवर ओवरफ्लो और लटकते तारों ने ली दिनेश तिवारी की जान।

  3. दिव्यांग पत्नी और तीन बेटियां हुईं बेसहारा, न्याय की मांग।

दीपक पांडेय, फरीदाबाद। फरीदाबाद में तीन विभागों की लापरवाही के कारण एक दिव्यांग महिला और उनकी बेटियों का संसार उजड़ गया। परिवार में एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति बदबूदार सिस्टम की भेट चढ़ गया।

वार्ड-4 की 22 फुट रोड पर बिजली निगम, नगर निगम और एफएमडीए की लापरवाही के कारण जिस दिनेश तिवारी की जान गई। वह अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाला था। उस पर तीन बेटियों और अपनी दिव्यांग पत्नी की जिम्मेदारी थी।

दिनेश अपनी बड़ी बेटी भूमिका की शादी के लिए लड़का देख रहे थे। उनकी बड़ी बेटी बीएससी की पढ़ाई कर रही है, जबकि मंझली बेटी 10वीं और सबसे छोटी बेटी 5वीं कक्षा में हैं। पत्नी मंजू तिवारी एक पैर से दिव्यांग है।

6 माह से सीवर ओवरफ्लो की स्थिति

आसपास के लोगों का कहना था कि पिछले छह माह से सीवर ओवरफ्लो की स्थिति है। सड़क पर चलना मुश्किल है। छह माह पहले छोटी सीवर लाइन को बदलने का काम शुरू किया गया था।

पहले 22 फुट रोड पर 10 इंच की सीवर लाइन डाली गई थी। जो काफी पुरानी हो चुकी थी। इसके साथ ही आबादी के हिसाब से छोटी भी थी। ऐसे में 30 इंच सीवर लाइन डालने का काम शुरू किया गया। जिसके लिए पहले रोड को खोदा गया। 60 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद उसको छोड़ दिया गया। इस लाइन को 72 इंच लाइन से कनेक्ट करना था।

72 इंच सीवर लाइन पहले से ही चल रही थी ओवरफ्लो

निगम के अनुसार, 72 इंच सीवर लाइन पहले से ही ओवरफ्लो चल रही थी। इसलिए पहले उसकी सफाई होना जरूरी था। सफाई का काम फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से किया था।

प्राधिकरण को बार-बार रिमाइंडर भेजने के बावजूद भी सफाई का काम नहीं किया गया। जिसके कारण हालात यह बन गए कि पूरी 22 फुट रोड सीवर के पानी में डूब गई। इस रोड पर बिजली के खंभों से तार काफी नीचे लटक रही है। जो लोगों के लिए खतरा बनती है। लोगों ने कई बार बिजली विभाग को इन तारों को बदलने के लिए कहा है।

पिछले छह माह से सीवर लाइन ओवरफ्लो चल रही है। बड़ी लाइन डालने लिए पूरा रोड खोद दिया गया। इसके बाद काम को अधूरा छोड़ दिया गया है। अब सीवर का पानी इतनी अधिक बदबू देने लगा है कि दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। - संजू डागर

अगर नगर निगम की ओर से सड़क की सफाई कर दी जाती तो शायद दिनेश की जान बच सकती थी। यहां पर पहले भी एक हादसा हो चुका है। इसके साथ ही बिजली विभाग को नंगे तारों की व्यवस्था करनी चाहिए। यह किसी के लिए भी खतरा बन सकते हैं। - दर्शना

इसमें मामले में एफएमडीए, नगर निगम और बिजली विभाग तीनों पर मामला दर्ज होना चाहिए। इन विभागों की लापरवाही की वजह से ही युवक की जान गई है। इस सड़क से निकलना मुश्किल है। - शहजाद

एफएमडीए और नगर निगम को पांच बार पत्र लिखा गया है। ताकि बड़ी और छोटी लाइन दोनों की सफाई हो सके। सीवर लाइन डालने का काम ओवरफ्लो की वजह से रूका हुआ है। जब तक 72 इंच लाइन की सफाई नहीं होती आगे सीवर लाइन डालने का काम नहीं हो पाएगा। मामले में अधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज होना चाहिए। - संगीता भारद्वाज, पार्षद, वार्ड-4

चार बार 72 इंच सीवर लाइन की सफाई को लेकर टेंडर लगाया जा चुका है। लेकिन कोई एजेंसी टेंडर लेने के लिए नहीं आ रही है। फिर दोबारा से टेंडर लगाया गया है। - ओमदत्त, कार्यकारी अभियंता, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण

मामले को लेकर जांच करवाई जाएगी। सीवर ओवरफ्लो किस वजह से हो रहा है। इसके बारे में सबंधिंत अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। दोषी पर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। - यशेंद्र सिंह, आयुक्त नगर निगम

वर्षा के दौरान जहां जहां पर तार नीचे लटक रहे थे। उनको सही कराया गया था। अगर ट्रांसफार्मर से तार नीचे लटक रहा था तो उसमें जेई और एसडीओ से जवाब तलब किया जाएगा। विभाग की ओर से मामले की जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी। - उर्मिला, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में सड़क पर भरा सीवर का पानी, बचने के प्रयास में ट्रांसफार्मर से टकराया साइकिल सवार; करंट से मौत