विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में गैस संकट: होटल कर रहे घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग, खाने के दाम 20 रुपये बढ़ाए

Published: Wed, 01 Apr 2026 01:58 AM (IST)

फरीदाबाद में कमर्शियल सिलेंडरों की कमी के कारण होटल और ढाबे घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग कर रहे हैं। इससे ...और पढ़ें

फरीदाबाद में होटल वाले घरेलू गैस सिलिंडरों का कर रहे दुरुपयोग।

फरीदाबाद में होटल वाले घरेलू गैस सिलिंडरों का कर रहे दुरुपयोग।

HighLights

  1. होटल-ढाबे घरेलू गैस सिलेंडरों का कर रहे दुरुपयोग।

  2. खाने की चीजों पर 15-20 रुपये बढ़ाए गए दाम।

  3. विभाग ने 9 मामले दर्ज कर 56 सिलेंडर जब्त किए।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। कमर्शियल गैस सिलिंडर न मिलने की वजह से अब घरेलू गैस सिलिंडरों का भी दुरुपयोग खूब हो रहा है। कई होटल ऐसे हैं जहां घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। लेकिन अहम बात यह है कि यहां हर खाने की चीज पर 15 से 20 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। ग्राहकों से अधिक वसूली की जा रही है। विरोध करने पर कर्मचारी स्पष्ट कह रहे हैं कि सिलिंडर महंगा लेना पड़ रहा है।

नीलम-बाटा रोड पर दर्जनभर से अधिक ढाबे व होटल हैं। जागरण पड़ताल के दौरान यहां अधिकतर पर घरेलू गैस सिलिंडराें का प्रयोग होते हुए मिला। यह सिलिंडर कपड़े से ढका हुआ था। तिगांव में दो होटलों पर घरेलू गैस सिलिंडर मिले। लेकिन सभी छुपाए हुए थे ताकि किसी को दिखाई न दें। एक कर्मचारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर 1500 रुपये का मिल रहा है। इसलिए खाने के दाम बढ़ा दिए गए हैं। फुल प्लेट दाल सहित अन्य सब्जियों पर 20-20 रुपये अतिरिक्त बढ़ाए गए हैं।

नौ मामले दर्ज, 56 सिलिंडर जब्त

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सोमवार को 28093 घरेलू गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं में वितरित किए गए है। घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी को रोकने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। घरेलू गैस सिलिंडर का दुरूपयोग पाए जाने पर अभी तक नौ मामले दर्ज कराए गए हैं। 56 सिलिंडर पकड़े गए। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा 12 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त भी किए हैं।

एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।शिकायत निवारण व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। 29 मार्च तक टोल फ्री नंबर पर 34 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 30 शिकायतों का समाधान करा दिया गया है, जबकि तीन शिकायतें लंबित हैं, जिन पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर आमजन हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 पर सूचना दे सकते हैं। - आयुष सिन्हा, जिला उपायुक्त

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद नागरिक अस्पताल में मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, आपातकालीन विभाग में लगेगी नई लिफ्ट