चालू बसें कर दी कंडम घोषित, लगे हैं नए टायर
हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद डिपो से जन सूचना का अधिकार(आरटीआइ) के तहत मिली जानकारी से लाखों रुपये का घोटाला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद डिपो से जनसूचना का अधिनियम (आरटीआइ) के तहत मिली जानकारी से लाखों रुपये का घोटाला सामने आया है। चालू हालात में वोल्वो बसों को कंडम घोषित कर खड़ा कर दिया है। इन बसों पर नए टायर हैं। आरटीआइ कार्यकर्ता वरुण श्योकंद ने बताया कि उन्होंने हरियाणा रोडवेज से लो फ्लोर वोल्वो बसों के बारे में 10 जनवरी 2018 को आरटीआइ के तहत जानकारी मांगी थी। जानकारी में विभाग ने बताया कि इन बसों की कीमत 65-65 लाख रुपये है। बसों की मरम्मत पर 30 से 40 लाख रुपये तक खर्च किए गए हैं। बस एक-एक लाख किलोमीटर भी नहीं चली हैं। विभाग ने बसों को कंडम घोषित करके खड़ा कर दिया है। जिन्हें कबाड़े में बेचा जाएगा। बसों के टायर नए हैं। जबकि यदि बस कंडम घोषित है तो उसके टायर पुराने होने चाहिए थे। ये भी कबाड़ियों के साथ विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश के परिवहन मंत्री से हरियाणा रोडवेज के घोटाले की जांच के लिए अधिकारियों की समिति नियुक्त करने की मांग की है। सभी वोल्वो बस चार लाख से लेकर 6.20 लाख किलोमीटर तक चली हुई हैं। बसों के बारे में किसने आरटीआइ के तहत जानकारी दी है, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
-आरके शर्मा, डिपो इंचार्ज, हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद