औद्योगिक नगरी में गणेश उत्सव की धूम
ओडिशा के राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के सेक्टर-17 निवास पर चल रहे श्री गणेश उत्सव के दौरान गणेश जी को भोग लगाते हुए। साथ में खड़े हैं विपुल गोयल, भाजपा नेता नरेंद्र गुप्ता। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : शहर में जगह-जगह गणपति जी के नाम की गूंज सुनाई देने लगी है। सुबह व शाम गणेश जी आरती और सास्कृतिक कार्यक्रमों से गजानन के पंडालों में भक्ति की बयार बह रही है। सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से चले रहे सार्वजनिक गणेश उत्सव के अलावा कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के घर भी गणेश उत्सव चल रहा है। गणेश उत्सव के दूसरे दिन गणपति जी के दरबार में ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल भी पहुंचे और गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर प्रोफेसर गणेशीलाल ने कहा कि गणेश चतुर्थी के दिन उनका जन्मदिन भी है इसीलिए गणपति के दरबार में जन्मदिन मनाने का मौका मिला, यह उनका सौभाग्य है। उन्होंने भव्य गणपति उत्सव मनाने के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को बधाई भी दी। राज्यपाल ने सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होने के लिए प्रार्थना की। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने राज्यपाल का अभिनंदन भी किया। गणेश उत्सव के दौरान गणेश जी की महा आरती के बाद कलाकारों ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणेश उत्सव में स्कूली बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। विपुल गोयल ने बताया कि हर दिन स्कूली बच्चों को बुलाकर सामाजिक और धार्मिक विषयों पर प्रेरणादायक फिल्में गणपति महोत्सव में दिखाई जा रही हैं। साथ ही भगवान कृष्ण की लीलाओं का भी मंचन किया गया। गणपति उत्सव में अभिनेता सतीश कौशिक और आयुर्वेद के प्रसिद्ध ज्ञाता कुमार स्वामी ने भी गणपति के दरबार में हाजिरी लगाई। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में शुरू हुआ महोत्सव
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर रुद्राक्ष शक्ति पीठम् ट्रस्ट की ओर से स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी, सेक्टर 31 में गणपति महोत्सव बड़े ही धूमधाम से शुरू किया गया है। गणपति महाराज की भव्य मूर्ति की विधिवत वैदिक मंत्रोचार के साथ स्थापना कर भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन किया गया। आचार्य गिरीश महाराज ने गणपति बाबा की कीर्ति का गुणगान किया। इस शुभ अवसर पर अजय, अनीता यादव, कन्हैया, टीना नारंग, कुसुम महाजन, ऋषि मलिक, स्वाति बाली, रेनू ¨सह, सुमन शुक्ला तथा सत्यबीर यादव उपस्थित रहे।