फरीदाबाद एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक से कैंटर की टक्कर; केबिन में फंसे चालक की मौत
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फरीदाबाद के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कैंटर टकरा गया, जिससे उसके चालक सौरभ कुमार की मौत हो गई।
-1791895968162_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से कैंटर की टक्कर।
हादसे में कैंटर चालक सौरभ कुमार की मौत।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते हैं लेकिन इसके बावजूद यातायात पुलिस गंभीर नहीं है। ऐसे वाहनों पर सख्ती नहीं बरती जा रही है। ऐसी ही एक घटना फिर से हुई है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एनएचपीसी चौक के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई।
मृतक के भाई ने दर्ज करवाई शिकायत
मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के गांव वलीपुर निवासी 32 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वह आगरा से दिल्ली जा रहा था। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंटर के अंदर फंसा चालक
पुलिस के अनुसार, हादसा 13 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो ट्रक एक्सप्रेसवे पर दाईं ओर खड़ा था। उसके पीछे कैंटर टकराया हुआ मिला। कैंटर चालक अंदर फंसा था। पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यातायात नियमों की हो रही अनदेखी
मृतक के भाई अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए एक्सप्रेसवे पर लापरवाही से वाहन खड़ा किया हुआ था। इसी कारण उसके भाई का कैंटर ट्रक से टकरा गया और उसकी जान चली गई।
सौरभ टाटा कैंटर चलाता था और आगरा से दिल्ली के लिए निकला था। हादसे की सूचना मिलने पर स्वजन फरीदाबाद पहुंचे और बीके अस्पताल के शवगृह में शव की पहचान की।
यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में फरीदाबाद पुलिस का एक्शन, 383 किलो प्रतिबंधित पटाखे जब्त, दुकानदार गिरफ्तार
