अफसरों की दहलीज पर दम तोड़ रही बुजुर्गों की उम्मीद, पेंशन के लिए काटने पड़ रहे चक्कर; पीपीपी बनी मुसीबत
फरीदाबाद में बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन के लिए सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर काटने पड़ रहे हैं। परिवार पहचान ...और पढ़ें
-1794310285119_m.webp)
फरीदाबाद में सरकारी दफ्तर के चक्कर काटते बुजुर्ग, फोटो- दैनिक जागरण
HighLights
बुजुर्गों को पेंशन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
परिवार पहचान पत्र की गलतियों से पेंशन अटक रही है।
आय, नाम और उम्र सत्यापन में देरी मुख्य समस्या।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। बुढ़ापे में सहारा बनने वाली पेंशन अब बुजुर्गों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की वजह बन गई है। हाथ में दस्तावेज की फाइल और आंखों में पेंशन मिलने की उम्मीद लिए बुजुर्ग कभी जिला समाज कल्याण विभाग तो कभी सेक्टर-12 लघु सचिवालय पहुंच रहे हैं।
हर बार उन्हें नई कमी बताकर वापस भेज दिया जाता है। किसी की परिवार पहचान पत्र ( पीपीपी ) में आय अधिक है तो किसी का नाम और उम्र सत्यापित नहीं हो रही है। पात्र होने के बाद भी पेंशन नहीं बनने से बुजुर्गों और दिव्यागों की सम्मान भत्ता मिलने की उम्मीद अधिकारियों की दहलीज पर दम तोड़ती दिखाई दे रही है।
क्या है बुजुर्गों की परेशानी?
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन दिन नई पेंशन बनवाने, रुकी हुई पेंशन बहाल कराने और फोटो अपलोड कराने सहित अन्य कार्यों के लिए करीब 200 लोग पहुंचते हैं। इनमें सौ से अधिक लोग पेंशन बनवाने वाले होते हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों का आरोप है कि एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजे जाने के कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है।
उम्र और शारीरिक असमर्थता के चलते बार-बार सरकारी कार्यालय पहुंचना भी उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कई बार दूर-दराज के क्षेत्रों से आने के बावजूद उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती कि आखिर उनकी पेंशन कब शुरू होगी और आवेदन में क्या कमी है।
पीपीपी की गलतियों का भुगतना पड़ रहा खामियाजा
बुजुर्गों के अनुसार पेंशन प्रक्रिया में परिवार पहचान पत्र की जानकारी बड़ी बाधा बन रही है। पीपीपी में आय निर्धारित सीमा से अधिक दर्शाए जाने पर पात्र बुजुर्गों की पेंशन अटक रही है। नाम और उम्र के सत्यापन में देरी के कारण भी कई आवेदनों को पात्र होने के बाद भी सम्मान भत्ता नहीं मिल पा रहा है। बुजुर्गों का कहना है कि यदि दस्तावेजों में कोई कमी है तो विभाग को स्पष्ट जानकारी देकर उसका समाधान करवाना चाहिए, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय न आना पड़े।
छह महीने से पेंशन के लिए भट रहे हैं। अधिकारी हर बार नए दस्तावेज और कमी बताकर वापस भेज देते हैं, पेंशन नहीं बनने दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-सुमन देवी।
परिवार पहचान पत्र में उम्र और इनकम वेरीफाइ नहीं हो पा रही है। सेक्टर-12 से जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय भेज देते है। दोनों विभागों के बीच लोगों को भटकाया जा रहा है।
-इमरती देवी।
पीपीपी में दर्ज आय, उम्र और अन्य जानकारियों का मिलान होने के बाद ही लाभार्थी का नाम सूची में शामिल होता है। जिन मामलों में दस्तावेजों या पीपीपी में त्रुटियां हैं, उनमें संबंधित जानकारी ठीक करवाना आवश्यक होता है। निदेशालय की ओर से पात्र लोगों की सूची भेजी जाती है।
-ममता शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: दिल्ली-आगरा हाईवे पर सर्विस रोड का कट बना आफत, रोज घंटों जाम में फंस रहे लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।