मिर्जापुर मार्ग पर खुले नाले से खतरा
तिगांव मार्ग से मिर्जापुर जाने वाली सड़क के बीच में नाला खुला पड़ा है। जिसमें कई बार पशु गिर चुके हैं।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : तिगांव मार्ग से मिर्जापुर जाने वाली सड़क के बीच में नाला खुला पड़ा है, जिसमें कई बार पशु गिर चुके हैं। नाले को ढंकने के लिए कई बार स्थानीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से कहा है, लेकिन समाधान नहीं हो सका है। निगम अधिकारियों की लापरवाही की वजह से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सीवरेज के पानी को साफ करने के लिए इस मार्ग किनारे एक प्लांट लगाया हुआ है। प्लांट में जब सीवरेज के पानी का ट्रीटमेंट हो जाता है, तो उसे आगरा नहर में डालने के लिए एक नाला बना है। नाले के ऊपर से सीमेंटेड स्लैब को नगर निगम की अर्थमूवर मशीन ने करीब छह महीने पहले उखाड़ दिया था। तब से दोबारा यहां पर कोई स्लैब नहीं डाला गया। नाला खुला होने की वजह से कई बार यहां पर पशु गिर चुके हैं। इन पशुओं को स्थानीय लोग जैसे-तैसे बाहर निकालते हैं। वर्जन..
हमने नाले पर स्लैब डालने के लिए नगर निगम के अधिकारियों से कई बार कहा है। नगर निगम के अधिकारी समय-समय पर यहां ट्रीटमेंट प्लांट में आते रहते हैं, लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।
- मनीष कुमार, मिर्जापुर मिर्जापुर डेयरी जोन है। जोन में सुबह-शाम दूध लेने के लिए काफी संख्या में लोग आते हैं। उनके साथ छोटे-छोटे बच्चे होते हैं, जिनके गिरने की आशंका बनी रहती है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
- अजीत यादव, मिर्जापुर जल्द मौका मुआयना किया जाएगा। यदि नाला खुला है, तो उसके ऊपर स्लैब डाली जाएगी। ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- विजय कुमार ढाका, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम