विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 40 मिनट तक अंधेरा, कामकाज ठप

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:36 PM (IST)

फरीदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को 40 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे कामकाज ठप हो गया।

फरीदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 40 मिनट तक अंधेरा (एआई जेनरेटेड इमेज )

फरीदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 40 मिनट तक अंधेरा (एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 40 मिनट बिजली गुल।

  2. बिजली बैकअप न होने से कामकाज बुरी तरह प्रभावित।

  3. कर्मचारियों, अध्यापकों और अभिभावकों को हुई परेशानी।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित जिला शिक्षा अधिकारी और मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बिजली आपूर्ति बाधित होने से मंगलवार को करीब 40 मिनट तक कामकाज प्रभावित रहा।

कार्यालय में बिजली का बैकअप नहीं होने के कारण डीपीसी कार्यालय से लेकर अधिकारियों के दफ्तरों तक अंधेरा छा गया। डाटा अपडेट करने, बिलिंग और पब्लिक डीलिंग से जुड़े कार्य ठप हो गए। इस दौरान अपने काम से कार्यालय पहुंचे अध्यापकों तथा अभिभावकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दोपहर तक बिजली रही प्रभावित

कार्यालय में विभिन्न शाखाओं में कंप्यूटर के माध्यम से डाटा अपडेट करने और बिलिंग सहित कई जरूरी कार्य किए जाते हैं। मंगलवार दोपहर 12.30 से 1.10 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से इन कार्यों पर असर पड़ा। बिजली का वैकल्पिक इंतजाम नहीं होने के कारण कर्मचारी भी कामकाज जारी नहीं रख सके। अधिकारियों ने बिजली निगम को इसकी शिकायत दी। जिसके बाद सप्लाई शुरू हुई और कार्यालय में कामकाज सामान्य हो पाया।

बार-बार प्रभावित होता है कामकाज

कर्मचारियों ने बताया कि हर दूसरे दिन चंडीगढ़ मीटिंग होती है। बजट, एस्टीमेट, मिड डे मील, रिजल्ट और एमआइएस पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने से लेकर स्कूलों को मेल भेजने जैसे काम होते हैं। साथ ही विभाग की वेबसाइट पर पहुंची स्कूलों की शिकायतों का निपटारा किया जाता है।

बिजली जाते ही कंप्यूटर आधारित काम रुक जाते हैं। इससे कर्मचारियों को लंबित कार्य निपटाने में देरी होती है। कार्यालय आने वाले लोगों को भी इंतजार करना पड़ता है।

कार्यालय में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कामकाज जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत है। बिजली कटौती के दौरान काम प्रभावित होने से जरूरी कार्य समय पर पूरे नहीं हो पाते हैं।

बिजली निगम को शिकायत की गई थी, जिसके बाद सप्लाई शुरू हो गई है। हालांकि इस दौरान कार्य प्रभावित हुए। कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार्यालय में बैकअप की व्यवस्था की जा रही है। -डा. मनोज मित्तल, उप जिला शिक्षा अधिकारी

यह भी पढ़ें- किसानों को रबी फसलों के बीजों पर मिलेगा 50% अनुदान, ऐसे करें योजना के लिए आवेदन