बच्चे की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
ऊंचा गांव दौलतराम कॉलोनी में पतंग उड़ाते समय एक बच्चा मकान की छत से गिर गया। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : ऊंचा गांव दौलतराम कॉलोनी में पतंग उड़ाते समय एक बच्चा मकान की छत से गिर गया। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस में दी शिकायत में अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया है।
ऊंचा गांव दौलतराम कॉलोनी के रहने वाले मोहन का पांच वर्षीय बेटा कार्तिक 12 अगस्त को मकान की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान अनियंत्रित होने से वह छत से नीचे गिर गया और सिर में चोट लगने से बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे पहले बादशाह खान अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से विभिन्न एक के बाद एक निजी अस्पतालों में उसका उपचार होता रहा। 16 अगस्त की सुबह परिजन बच्चे को सेक्टर-8 के निजी अस्पताल ले गए। जहां पर उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत को लेकर परिजनों ने बल्लभगढ़ के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते पुलिस में शिकायत दी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे की मौत पहले वाले निजी अस्पताल में हुई है। जब परिजन उनके यहां से बच्चे को लेकर गए थे, तब वह पूरी तरह से ठीक था। दोपहर 12.30 बजे उन्हें फोन पर बताया गया है कि बच्चे की मौत हो गई है। परिजनों ने अपने बच्चे की मौत के लिए एक निजी अस्पताल के डॉक्टर को शिकायत में जिम्मेवार बताया है। परिजनों की शिकायत पर हम जांच कर रहे हैं। यदि डॉक्टर जांच में दोषी पाया गया, तो कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार, प्रभारी थाना आदर्श नगर।