फरीदाबाद बोरवेल हादसा: बार-बार की चेतावनियों के बाद भी नहीं ढका 15 साल पुराना सूखा बोरवेल; बच्ची गिरी
फरीदाबाद के सीही गांव में नगर निगम की लापरवाही के कारण एक बच्ची 200 मीटर सूखे बोरवेल में गिर गई। ...और पढ़ें

फरीदाबाद के सीही गांव में बने 200 मीटर सूखे बोरवेल में बच्ची गिर गई।
HighLights
फरीदाबाद के सीही गांव में बच्ची सूखे बोरवेल में गिरी।
नगर निगम की लापरवाही से 15 साल पुराना बोरवेल खुला था।
पहले भी खुले मैनहोल और नालों से हुए हैं कई हादसे।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नगर निगम की लापरवाही की वजह से एक बार फिर बच्ची की जान सासत में आ गई। सीही गांव में बने 200 मीटर सूखे बोरवेल में बच्ची गिर गई। इससे पहले भी निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों हादसे का शिकार हो चुके हैं। लेकिन अधिकारी सबकुछ जानते हुए आंखे मूंद कर बैठे रहते हैं।
फिर हादसे के समय दूसरों पर दोषारोपण करके अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। सीही गांव में स्थित बोरवेल का प्रयोग नगर निगम की ओर से 15 साल पहले बंद कर दिया था। लेकिन इसको ढकने के स्थाई इंतजाम नहीं किए गए। जिसकी वजह से बच्ची हादसे का शिकार हो गई।
स्थानीय पार्षद नीलम बरेजा ने बताया कि बोरवेल आबादी के पास बना हुआ है। ऐसे में निगम को दो से तीन बार इसको स्थाई रूप से बंद करने के लिए कहा गया था। लेकिन निगम अधिकारियों की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया। केवल सीही में नहीं बल्कि वार्ड में कई जगह सीवर के मैनहोल भी टूटे हुए है। इन मैनहोल के ढक्कन को भी निगम द्वारा बदला नहीं जा रहा है।
एयरफोर्स चौक पर 15 फुट के खुले नाले में गिरकर हो गई बच्चे की मौत
इससे पहले निगम की लापरवाही के कारण एयरफोर्स चौक पर 15 फुट नाले में गिरकर बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चा अपने घर से सामान लेने के लिए निकला था। रात को अंधेरे की वजह से उसको नाला दिखाई नहीं दिया। बच्चे की मौत के बाद निगम अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत तो दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह से सेक्टर-59 औद्योगिक क्षेत्र में खुले सीवर मैनहोल में गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी।
गांव के जिस बोरवेल में हादसा हुआ है। उसका प्रयोग निगम ने 15 साल पहले ही बंद कर दिया था। जिसके बाद उसमें ढक्कन भी लगाया था। अब मैनहोल खुला होने की जानकारी ग्रामीण द्वारा भी निगम को नहीं दी गई। मामले में जेई से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। - संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 250 फीट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची, 10 साल से बंद था; SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
