फरीदाबाद में छठ महापर्व की अनूठी छटा; कहीं सजे 4 भव्य कुंड, तो कहीं लोगों ने घर की छत पर ही बना लिए कृत्रिम तालाब
फरीदाबाद में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घरों में ...और पढ़ें

छठ पूजा की तैयारियां।
HighLights
श्रद्धालुओं ने घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब बनाए।
खरना पर व्रतियों ने गुड़ वाली खीर का प्रसाद बांटा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चार भव्य कुंड भी सजे।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाएगा। शनिवार को सुबह से ही घर-घर छठ मैया के नाम की गूंज सुनाई दे रही है।
छठी माइ आइली अपने हरवा कार्तिक महीना में, गाय के गोबरा से अंगना लिपायै भौरनी दुआरआरे चढ़ते कार्तिकवा ऐ दीनानाथ, मइया के महिमा सुनओ सखी जग में बा अपार, हे करेली छठ बरतिया तू केकरा लागे, केरवा जे फरेला घवद से उस पार, ओह परसुगा मंडराय, मेरी छठी मइया जैसे इन परंपरागत गीतों की गूंज शनिवार को जगह-जगह सुनाई दी।
गुड़ वाली खीर और रोटी का बांटा प्रसाद
दिन भर छठ मैया के गीतों पर बच्चे झूमते रहे। श्रद्धालुओं ने घरों की छतों की सफाई की। कृत्रिम तालाब बना कर पानी भरा गया। कई लोगों ने रबड़ व प्लास्टिक के टब का इंतजाम किया। शनिवार को खरना पर व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखा। शाम को गुड़ वाली खीर तथा रोटी का प्रसाद बंटा।
श्रद्धालुओं ने प्रसाद तैयार किया। एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, बड़खल, सूरजकुंड क्षेत्र, बल्लभगढ़ तथा नहर पार क्षेत्र में लगे बाजारों में लोग पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे नजर आए।
समिति की ओर से तैयार किए गए पूरी तरह से घाट
भोजपुरी अवधि समाज के चेयरमैन रामाशंकर तिवारी ने बताया कि उनके यहां पर करीबन चार से पांच हजार लोग कार्यक्रम में शामिल हांगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बाहर से कलाकार बुलाए गए हैं। अर्घ्य देने के लिए अलग-अलग चार कुंड बनाए गए है। अखिल भारतीय पूर्वांचल परिषद के अध्यक्ष बीके पांडेय ने बताया कि घाट पूरी तरह से तैयार है। कलाकारों के लिए अलग से मंच बनाया गया है। छठ पूजा के दौरान मैया से सबकी मंगल की कामना करेंगे।
सोमवार को होगा चार दिवसीय छठ पूजा का समापन
ग्रेटर फरीदाबाद के पार्क ग्रैंडयूरा और आरपीएस औरेया में भी छठ पूजा की जाएगी। शनिवार को पूजा के लिए प्रसाद तैयार किया गया। स्थानीय निवासी मनोज द्विवेदी, अजय झा और अभय झा ने बताया कि रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही छठ मैया से सबके मंगल की कामना की जाएगी। सेक्टर-52 में रहने वाली सीमा पांडेय ने बताया कि उन्होंने घर की छत पर कृत्रिम तालाब बना दिया है।