फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर भांकरी डंपिंग यार्ड खाली, पुलिस ने उखाड़ फेंका टेंट; क्या है पूरा विवाद
फरीदाबाद नगर निगम ने भांकरी डंपिंग यार्ड के विरोध में चल रहे धरना स्थल को शनिवार दोपहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा दिया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नगर निगम ने भांकरी डंपिंग यार्ड के विरोध में चल रहे धरना स्थल को शनिवार दोपहर को खाली करा दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरीदाबाद गुरुग्राम रोड की एक लेन का भी आधा किलोमीटर तक बंद कर दिया। इस दौरान विरोध करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। अब निगम की ओर से जमीन पर कूड़े को गिराना शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि पिछले एक माह में भांकरी गांव की जमीन पर डंपिंग यार्ड बनाने को लेकर विरोध कर रहे हैं। लोगों ने वहां पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया था।
क्यों हटाया गया धरना?
इससे पहले भी निगम ने पुलिस बल की सहायता से लोगों को वहां से उठाया था। लेकिन दो दिन बाद ही पुलिस हिरासत से छूटने के बाद लोग धरना स्थल पर जमा हो गए थे। इस बार पुलिस ने धरना स्थल पर लगाया गया टेंट भी उखाड़ दिया है।
निगम के संयुक्त आयुक्त अनिल यादव ने कहा कि निस्तारण की योजना तैयार की जा रही है। लेकिन कूड़े को एकत्र करना भी जरूरी है। इसलिए धरना हटाया है। कुछ समय बाद लोगों को राहत मिलती हुई नजर आएगी।
