फरीदाबाद के भांकरी गांव में डंपिंग यार्ड के खिलाफ महापंचायत, आंदोलन तेज करने का ऐलान
फरीदाबाद के भांकरी गांव में कचरा डालने के विरोध में हुई महापंचायत में दो हजार से अधिक लोगों ने आंदोलन ...और पढ़ें
HighLights
भांकरी गांव में कचरा डालने के विरोध में महापंचायत।
आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कमेटी का गठन होगा।
एनजीटी और हाईकोर्ट में मामले दायर किए जाएंगे।
दीपक पांडेय, फरीदाबाद। भांकरी गांव में कचरा डालने के विरोध में रविवार को सरकारी स्कूल में 36 बिरादरी की महापंचायत हुई। इसमें दो हजार से अधिक लोगों ने एकजुट होकर इस लड़ाई को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
महापंचायत में पर्यावरण संरक्षण और लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। कांग्रेस के नेता विजय प्रताप ने कहा कि इस लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए जल्द ही एक कमेटी गठित की जाएगी। जिसकी अध्यक्षता पूर्व मेयर अतर सिंह करेंगे।
आंदोलन के आगे की रणनीति तय होगी...
कमेटी आंदोलन की आगे की रणनीति तय करेगी और लोगों को साथ लेकर संघर्ष किया जाएगा। पर्यावरणविद् जितेंद्र भड़ाना ने महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रदूषण के मुद्दे पर कार्रवाई की मांग उठाई।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में केस लगाया गया है। वहीं, लोगों को हिरासत में लिए जाने के मामले में दो दिन में हाईकोर्ट में भी केस दायर किया जाएगा। एडवोकेट जितेंद्र ने महापंचायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई।
प्रदूषण के खिलाफ होना होगा एकजुट
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी महापंचायत में पार्षद और विधायक का नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। 36 बिरादरी की पंचायत में शामिल नहीं होने वाले जनप्रतिनिधियों को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। महापंचायत में लोगों ने प्रदूषण के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।
