मामला रफा-दफा करने को मांगे 1 लाख, फरीदाबाद में ASI रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट; ACB का एक्शन
तिगांव थाना के एएसआई हिदायत खान को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

एएसआई रिश्वत लेता गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक
HighLights
एएसआई हिदायत खान 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
मामला रफा-दफा करने के लिए एक लाख रुपये की मांग
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। तिगांव थाना में तैनात एएसआई हिदायत खान को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोप है कि एएसआई ने करीब एक महीने पुराने लड़का-लड़की के घर से चले जाने के मामले को रफा-दफा करने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार, लड़का-लड़की करीब एक महीने से गांव में एक परिवार के पास रह रहे थे। लड़की के परिजनों ने राजस्थान में लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद लड़की के परिजनों ने तिगांव थाने में भी शिकायत दी थी। इस शिकायत की जांच एएसआई हिदायत खान कर रहा था।
परिवार पर दबाव बनाने का आरोप
आरोप है कि जांच के दौरान एएसआई ने लड़के को मामले में बचाने के नाम पर उसके परिवार पर दबाव बनाया और एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की।
इसके बाद लड़के पक्ष की ओर से ACB को शिकायत दी गई। शिकायत की जांच के बाद टीम ने रिश्वत पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
20 हजार रुपये लेते ही मौके पर दबोचा
शिकायतकर्ता ने जैसे ही एएसआई को 20 हजार रुपये दिए, ACB टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया। कार्रवाई के बाद टीम एएसआई को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। मामले में ACB की जांच जारी है।
