फरीदाबाद: ट्रक के इंजन में दिखा 6 फीट लंबा अजगर, पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप; 40 मिनट में किया रेस्क्यू
फरीदाबाद में एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने आए ट्रक के इंजन में 6 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप ...और पढ़ें
-1790925947164_m.webp)
ट्रक के इंजन के अंदर करीब 6 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। जागरण
HighLights
फरीदाबाद में पेट्रोल पंप पर ट्रक इंजन में मिला 6 फीट अजगर।
लोगों ने 40 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को निकाला बाहर।
वन्य विभाग की सहायता न मिलने पर लोगों ने खुद किया बचाव।
निभा रजक, फरीदाबाद। फरीदाबाद में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी भरवाने पहुंचे एक ट्रक के इंजन के अंदर करीब 6 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया।
लोगों ने तत्काल वन्य एवं प्राणी विभाग को इसकी सूचना देकर मदद मांगी, लेकिन 20 मिनट तक कोई सहायता नहीं मिल सकी। अजगर के इंजन में फंसे होने के कारण ट्रक को आगे लेकर जाना संभव नहीं था।
40 मिनट में रेस्क्यू किया
इसके बाद ड्राइवर समेत मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने सावधानी बरतते हुए अजगर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद लोगों ने रस्सी की मदद से अजगर को इंजन से बाहर निकाला।

कड़ी मशक्कत से निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर काफी देर तक ट्रक के इंजन के हिस्से में फंसा रहा। अजगर का पिछला हिस्सा नीचे की ओर था। जिसमें लोगों ने रस्सी बांधी और धीरे-धीरे खींचने का प्रयास किया। फिसलन होने के कारण अजगर को निकालना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद जब अजगर का आधा शरीर बाहर की ओर आ गया तो वह नीचे गिर गया।
अजगर के बाहर निकलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अजगर को रस्सी के सहारे आबादी और सड़क से दूर वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
वन विभाग को दी सूचना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में पहुंचने को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में वन विभाग या संबंधित वन्यजीव बचाव दल की तत्काल सहायता मिलनी चाहिए, जिससे प्रशिक्षित तरीके से वन्यजीव को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
विभाग के पास कोई फोन नहीं आया था। इस घटना की जानकारी भी नहीं है। जंगल के आसपास के रिहायशी क्षेत्रों और सड़क के किनारे अजगर दिखाई देते हैं। ऐसे में लोग सबसे पहले विभाग को सूचित करें। जिससे समय पर टीम पहुंच सके। वर्षा के दिनों में जंगली जीव ज्यादा निकलते हैं, ऐसे में लोगों को भी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। - हंसराज, इंस्पेक्टर, वन्य एवं प्राणी जीव विभाग
यह भी पढ़ें- खड़ी कार के टायर में फंसा 7 फीट लंबा अजगर, ढाई घंटे तक अटकी रही लोगों की सांसें; VIDEO वायरल
