व्हाट्सएप पर सीएमडी की फोटो लगाकर 50 लाख की ठगी, फरीदाबाद में छह गिरफ्तार
फरीदाबाद में व्हाट्सएप पर कंपनी के CMD की फोटो लगाकर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
-1792491851649_m.webp)
लाखों की ठगी करने वाला गिरोह, जागरण।
HighLights
व्हाट्सएप पर सीएमडी की फोटो से 50 लाख की ठगी।
फरीदाबाद साइबर पुलिस ने छह आरोपितों को किया गिरफ्तार।
ठगी की 29 लाख रुपये की रकम बैंक खातों में फ्रीज।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। वाट्सएप पर कंपनी के सीएमडी की फोटो लगाकर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने कंपनी के अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल कर कर्मचारी को एक बैंक खाते में एक करोड़ रुपये ट्रांसफर करने का मैसेज भेजा था। इसके बाद कंपनी के खाते से 50 लाख रुपये बताए गए खाते में भेज दिए गए।
पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन
शिकायत मिलने पर पुलिस ने ठगी की रकम में से 29 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज करवा दिए। आरोपितों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-28 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 17 सितंबर को उसके वाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। उस नंबर की प्रोफाइल पर उसकी कंपनी के सीएमडी की फोटो लगी हुई थी।
एक करोड़ रुपये ट्रांसफर करने का दिया आदेश
मैसेज में दिए गए बैंक खाते में एक करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। इसे कंपनी के सीएमडी का निर्देश समझकर शिकायतकर्ता ने कंपनी के खाते से 50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कराया गया।
फर्म के खाते से टेलीग्राम तक पहुंचा नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अजय नाम के आरोपित ने अजय मैनपावर नाम से फर्म बना रखी थी। पुलिस के मुताबिक, इस फर्म का बैंक खाता नासिर के माध्यम से अविनाश और फिर जयारवन तक पहुंचा। इसके बाद जयारवन ने टेलीग्राम के जरिये खाते की जानकारी आगे ठगों को दी।
होटल में बठकर करता था ठगी
अदनान ने फर्म का करंट अकाउंट खुलवाया था, जबकि रिजवान के पास खाते का एक्सेस था। आरोप है कि वह ठगी के दौरान होटल में बैठकर खाते को ऑपरेट कर रहा था। पुलिस ने अजय, अदनान खान, अविनाश, नासिर, जयारवन और रिजवान को गिरफ्तार किया है। इनमें अजय और अदनान मुंबई के रहने वाले हैं, जबकि अन्य आरोपित गुजरात के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
