लाडो लक्ष्मी योजना: फरीदाबाद में 55 महिलाएं योजना से बाहर, आधार और PPP में त्रुटियों ने बढ़ाया आर्थिक संकट
फरीदाबाद में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 55 महिलाओं को दस्तावेजी त्रुटियों के कारण लाभार्थी सूची से बाहर कर दिया ...और पढ़ें

फरीदाबाद में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 55 महिलाओं को दस्तावेजी त्रुटियों के कारण लाभार्थी सूची से बाहर कर दिया गया है।
HighLights
लाडो लक्ष्मी योजना से 55 महिलाएं लाभार्थी सूची से बाहर।
आधार त्रुटि, गलत फोटो, आय अधिक होने से समस्या।
महिलाएं ऐप से दस्तावेज सुधार कर पुनः आवेदन कर सकती हैं।
निभा रजक, फरीदाबाद। हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने वाले दस्तावेज ही महिलाओं के लिए मुसीबत बन गए हैं। आधार कार्ड में जन्मतिथि की गलती, उम्र सत्यापित नहीं होने, आवेदन फार्म में गलत फोटो अपलोड और परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्ज होने के कारण शहर की 55 महिलाओं को योजना की लाभार्थी सूची से बाहर कर दिया गया है।
इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वह पिछले कई दिनों से नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रही हैं।
हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही
शहर में वर्तमान में 11,390 महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जबकि 500 से अधिक आवेदन अभी भी सत्यापन के कारण पेंडिंग पड़े हैं। जिन महिलाओं के दस्तावेजों में त्रुटि पाई गई, उनका भुगतान रोक दिया गया है। इसमें तकनीकी त्रुटि सामने आई है।
किसी के आधार में उम्र कम दिख रही है, किसी ने फार्म में अपनी जगह किसी और की फोटो लगा दी तो किसी के पीपीपी में वार्षिक आय एक लाख से अधिक दर्ज है। निदेशालय की ओर से ही इन महिलाओं की सूची जारी की गई है।
महिलाएं स्वयं कर सकती हैं सुधार
जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महिलाएं एप के माध्यम सेे फोटो से संबंधित गलती को सुधार सकती हैं। वह दोबारा फोटो को अपडेट कर सकती हैं। अधिकांश मामलों में महिलाओं ने सीएससी केंद्रों से फार्म भरवाएं हैं, जिनमें महिला की जगह पुरुष की फोटो अपडेट हो गई है। कुछ महिलाओं की इनकम और जन्मतिथि वेरीफाइ नहीं है, जिसकी वजह से लाभ नहीं मिल पा रहा है। दस्तावेज ठीक होने के बाद दोबारा समाज कल्याण पोर्टल पर आवेदन को री-सबमिट किया जाएगा।
निदेशालय की ओर से ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत भुगतान रोक दिया गया है। दस्तावेज की गलतियां ठीक होने के बाद महिलाओं को फार्म में दोबारा अपडेट करना होगा। इसके बाद योजना के तहत भुगतान शुरू हो जाएगा। इससे संबंधित जानकारी जिला समाज कल्याण कार्यालय और एप से महिलाएं प्राप्त कर सकती हैं। - ममता शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में तेज रफ्तार डंपर ने पुलिसकर्मियों की बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत; ड्राइवर फरार
