विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में हैवानियत की हदें पार: दोस्त ने ही 7 दिन बनाया बंधक, पेट्रोल पिलाने की धमकी देकर पीटा

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:23 PM (IST)

दिल्ली के एक युवक को फरीदाबाद में दोस्त ने 7 दिन तक बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दीं। चोरी का आरोप ...और पढ़ें

फरीदाबाद में दोस्त ने दिल्ली के युवक को 7 दिन तक बंधक बनाकर पीटा। (एआई जेनरेटेड इमेज)

फरीदाबाद में दोस्त ने दिल्ली के युवक को 7 दिन तक बंधक बनाकर पीटा। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. दिल्ली के युवक को फरीदाबाद में दोस्त ने बंधक बनाया।

  2. सात दिन तक अमानवीय व्यवहार और डंडों से पीटा गया।

  3. मौका पाकर सूचना दी, पुलिस ने युवक को मुक्त कराया।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जिस दोस्त पर विश्वास करके दिल्ली के आली निवासी युवक फरीदाबाद जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आया था वह हैवान निकला। उसने युवक पर पिस्टल और सोने की अंगूठी चोरी का आरोप लगाकर उसे बंधक बना लिया और सात दिन तक अमानवीय व्यवहार किया।

पीड़ित के अनुसार, उसके पैर रस्सी से कसकर बांध दिए गए और रोज डंडों से पीटा गया। उसने पेट्रोल पिलाने और शरीर के अंदरूनी अंगों पर पेट्रोल डालने का भी आरोप लगाया है। मंगलवार को मौका पाकर युवक ने अपने घर सूचना दी, जिसके बाद स्वजन पुलिस को साथ लेकर पल्ला थाना क्षेत्र स्थित मकान पर पहुंचे और उसे मुक्त कराया। आपबीती बयां करते हुए युवक की एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है।

पार्टी खत्म होने के बाद युवक दोस्त के साथ वहीं रुक गया

युवक सात सितंबर को पड़ोस में रहने वाले दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने फरीदाबाद पल्ला थाना क्षेत्र में आया था। यहां उसके दोस्त का मकान है। रात में पार्टी खत्म होने के बाद युवक दोस्त के साथ वहीं रुक गया। अगले दिन सुबह जब उसने घर जाने की बात कही तो दोस्त के कुछ साथियों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि युवकों ने उस पर पिस्टल और सोने की अंगूठी चोरी करने का आरोप लगाया और उसे जाने नहीं दिया। इसके बाद उसके पैर रस्सी से बांध दिए गए। युवक का आरोप है कि लगातार बंधे रहने के कारण उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और वे सूज गए हैं। आरोपित रोजाना उसे डंडों से पीटते थे।

आरोपितों ने उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया

पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया था। उससे रोजाना घर फोन करवाकर यह कहलवाया जाता था कि वह मथुरा घूमने गया हुआ है, ताकि स्वजनों को उसके फरीदाबाद में बंधक होने की जानकारी न हो सके।

मंगलवार को युवक को मौका मिला तो उसने अपना मोबाइल हासिल कर लिया और तुरंत घर सूचना दी। उसने अपनी लोकेशन भी स्वजन को भेज दी। इसके बाद परिवार के लोग फरीदाबाद पुलिस को साथ लेकर बताए गए मकान पर पहुंचे और युवक को वहां से बाहर निकाला।

वीडियो में युवक ने मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'बच्चों का ध्यान रखना, पत्नी को खर्चा देना...', चाचा को संदेश भेजकर फरीदाबाद नहर में कूदा युवक