पिता की मौत का बदला लेने को बेटे ने आढ़ती पर चलाई गोली
सब्जी मंडी में सोमवार की सुबह गोलियों की ठांय-ठांय से शुरू हुई।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : सब्जी मंडी में सोमवार की सुबह गोलियों की ठांय-ठांय से शुरू हुई। आढ़ती हेमचंद सैनी पर सुबह 6 बजे गोली चलाई गई। गोली उसके हाथ में लगी है, हमलावरों ने देशी पिस्तौल की बट से आढ़ती का सिर भी फोड़ दिया। घटना में एक पल्लेदार व एक किसान भी घायल हो गए। आढ़ती गोली चलाने वाले मुख्य आरोपित का मौसा बताया जा रहा है। यह जानकारी मिली है कि हमलावर के पिता की आढ़ती ने 14 वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल वह हाई कोर्ट से जमानत पर चल रहा है। घटना में शामिल पांच आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
ऊंचा गांव के रहने वाले हेमचंद सैनी की सब्जी मंडी में 115 नंबर पर आढ़त है। सैनी आढ़त पर सुबह छह बजे बैठे थे, तभी एक युवक ने आढ़ती की कनपटी पर देशी पिस्तौल तान दी। सैनी ने पिस्तौल पर हाथ मारा, तो गोली ऊपर से निकल गई। सैनी ने हमलावर का हाथ पकड़ लिया। तभी दूसरे युवक ने भी गोली चला दी, जो आढ़ती के हाथ पर लगी। इसके बाद आढ़ती ने हमलावर को दूसरे हाथ से पकड़ लिया। इस पर हमलावरों ने आढ़ती के सिर पर पिस्तौल की बट से चोट कर सिर फोड़ दिया। मौके पर चली गोलियों के छर्रे गांव सुनपेड़ के किसान प्रदीप और पल्लेदार चमन को लग गए। घटना से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग हमलावरों के पीछे भी भागे, लेकिन वे कुछ दूर खड़ी कार से फरार हो गए। गंभीर अवस्था में पहले घायलों को बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने हेमचंद सैनी को दिल्ली ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन स्वजन उसे एस्कोर्ट्स फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां हेमचंद का उपचार चल रहा है। चमन और प्रदीप को बल्लभगढ़ अस्पताल में उपचार करके घर भेज दिया। हमले की वजह यह बताई जा रही कि 2007 में लोकेश के पिता हरकेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह आरोप हेमचंद सैनी पर लगे थे, फिलहाल वे पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से जमानत पर चल रहे हैं। हेमचंद सैनी की शिकायत पर ऊंचा गांव के ही रहने वाले लोकेश, उसके भाई चमन, हरेंद्र, ताऊ चंदर और उसके बेटा सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभी यह जानकारी मिली है कि लोकेश ने अपने पिता हरकेश की हत्या का बदला लेने के लिए गोली चलाई।
-जयवीर सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त बल्लभगढ़